हिंदी भवन में भव्य गणगौर उत्सव एवं महागौरी पूजन, परिचय सम्मेलन और समाज रत्न सम्मान आयोजित

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। प्रांतीय पटवा समाज कल्याण समिति, भोपाल के तत्वावधान में हिंदी भवन में विशाल महागौरी पूजन एवं गणगौर उत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत समाज की अधिष्ठात्री देवी माँ महागौरी के पूजन से हुई, जिसे समाज की महिलाओं ने विधि-विधान से संपन्न किया।

समिति के महामंत्री श्री अनिल पटवा ने जानकारी देते हुए बताया कि इसके पश्चात गणगौर उत्सव एवं परिचय सम्मेलन आयोजित किया गया, जिसमें देश-प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पटवा समाज के विवाह योग्य युवक-युवतियों ने अपना परिचय दिया और भावी जीवन साथी चुनने को लेकर अपने विचार साझा किए।

कार्यक्रम के दौरान शिक्षा, खेल, व्यापार और राजनीति के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले समाज के प्रतिभाशाली व्यक्तियों को “समाज रत्न” अलंकरण से सम्मानित किया गया। इनमें दीक्षा पाटकर (आईएएस), डॉ. श्वेता पटवा (प्राध्यापक), हर्षित पटवा (सीएस), राज पटवा (सीए), विराज पटवा (एमबीबीएस), विजया पटवा (एमबीबीएस), नमिता चंदेल (राष्ट्रीय कोच), अनुज पाटकर (राजनीति) एवं अतुल पटवा (व्यापार) शामिल रहे।

साथ ही समाज के भवन निर्माण में सहयोग देने वाले भामाशाहों को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया तथा सोलह श्रृंगार प्रतियोगिता की विजेता महिलाओं को पुरस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के समापन पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में समाजजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस आयोजन में देश-प्रदेश से हजारों की संख्या में समाजजन उपस्थित रहे।

समिति के राष्ट्रीय संयोजक श्री गोकुल पटवा, अध्यक्ष रामेश्वर पटवा, महामंत्री अनिल पटवा, संजय पटवा, प्रमोद पटवा, रामसेवक पटवा, पप्पू पटवा, मुकेश पाटकर, संतोष लखेरा एवं दीनदयाल पटवा सहित सभी पदाधिकारियों ने उपस्थित अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त किया।