कार्यात्मक सहकारी समितियों पर अखिल भारतीय सर्वेक्षण 1 अप्रैल से, भोपाल में हुआ प्रशिक्षण शिविर

संतोष योगी की खबर 999 3268 143

भोपाल। भारत सरकार के सांख्यिकी एवं कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय के अंतर्गत राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा कार्यात्मक सहकारी समितियों पर अखिल भारतीय स्तर पर “रैपिड सर्वेक्षण” (RFSC) प्रारंभ किया जा रहा है। यह सर्वेक्षण 1 अप्रैल 2026 से शुरू होकर 30 सितंबर 2026 तक चलेगा।

जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, पिछले कुछ दशकों में सहकारिता ने देश के वित्तीय विकास एवं रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इसके बावजूद इस क्षेत्र से संबंधित विस्तृत एवं विश्वसनीय आंकड़ों की कमी लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी को ध्यान में रखते हुए यह सर्वेक्षण आयोजित किया जा रहा है।

सर्वेक्षण की तैयारियों तथा क्षेत्रीय कर्मचारियों को प्रशिक्षण देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय, क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल द्वारा 30 मार्च 2026 को भोपाल स्थित क्षेत्रीय कार्यालय परिसर में एक दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया।

प्रशिक्षण शिविर का उद्घाटन प्रातः 10 बजे क्षेत्रीय कार्यालय भोपाल के उप निदेशक श्री अनिमिष कुमार ने किया। उन्होंने सर्वेक्षण के विभिन्न पहलुओं तथा पहली बार आयोजित किए जा रहे इस सर्वे के महत्व पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर सहकारिता विभाग, मध्य प्रदेश शासन की ओर से सहायक आयुक्त श्रीमती ज्योति कुंभार भी उपस्थित रहीं। उन्होंने सहकारिता की उपयोगिता एवं विभिन्न क्षेत्रों में उसकी भूमिका पर अपने विचार व्यक्त किए।

प्रशिक्षण शिविर में भोपाल, खंडवा, इंदौर एवं छिंदवाड़ा के राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय के सांख्यिकीय अधिकारियों ने भाग लिया। शिविर में अधिकारियों को सर्वेक्षण से संबंधित विभिन्न तकनीकी बिंदुओं एवं कार्यप्रणाली की जानकारी दी गई।