आंगनबाड़ी केंद्रों में हुआ विद्यारंभ कार्यक्रम आयोजित

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की रिपोर्ट | मो. 7805953532

सिराली। महिला एवं बाल विकास विभाग, मध्य प्रदेश के निर्देशानुसार 5 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रारंभिक शिक्षा में सहज रूप से जोड़ने एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से मंगलवार को सिराली के आंगनबाड़ी केंद्रों में विद्यारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 5, रामपुरा रोड सिराली में किया गया। इस अवसर पर बच्चों को विद्यालयी शिक्षा के प्रति प्रेरित करते हुए विद्यारंभ प्रमाण पत्र वितरित किए गए। कार्यक्रम में बच्चों एवं उनके अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अंजू सोनी एवं सहायिका बसकर बनो ने बताया कि विद्यारंभ कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों में शिक्षा के प्रति रुचि जागृत करना तथा उन्हें विद्यालय के वातावरण से परिचित कराना है, ताकि वे सहज रूप से प्राथमिक शिक्षा में प्रवेश कर सकें।

कार्यक्रम में सिराली सेंटर की सुपरवाइजर सरीता ओनकर भी उपस्थित रहीं। उन्होंने बच्चों एवं अभिभावकों को शिक्षा के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि प्रारंभिक बाल्यावस्था शिक्षा बच्चों के सर्वांगीण विकास की मजबूत नींव होती है। उन्होंने बताया कि सोमवार को निरीक्षण के दौरान केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया गया था।

कार्यक्रम के दौरान बच्चों के चेहरों पर खुशी और अभिभावकों में उत्साह साफ दिखाई दिया। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा इस प्रकार के आयोजन बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माने जा रहे हैं।