झुग्गी बस्ती तोड़ने की कार्रवाई के खिलाफ ज्ञापन, वार्ड 66 पार्षद जीत राजपूत के नेतृत्व में प्रदर्शन
झुग्गी बस्ती तोड़ने की कार्रवाई के खिलाफ ज्ञापन, वार्ड 66 पार्षद जीत राजपूत के नेतृत्व में प्रदर्शन
संतोष योगी की खबर 999 3268 143
भोपाल। गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र स्थित लेबर कॉलोनी की झुग्गी बस्ती को हटाने की प्रस्तावित कार्रवाई के विरोध में मंगलवार को वार्ड क्रमांक 66 के पार्षद जितेन्द्र सिंह राजपूत (जीत) के नेतृत्व में स्थानीय रहवासियों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन में बताया गया कि उक्त बस्ती में सैकड़ों गरीब परिवार वर्ष 1982 से निवास कर रहे हैं। हाल ही में नगर निगम का अमला पुलिस बल के साथ बुलडोजर लेकर बस्ती में पहुंचा, लेकिन रहवासियों को किसी प्रकार की वैध पूर्व सूचना या नोटिस नहीं दिया गया। विरोध के चलते उस दिन कार्रवाई टल गई, लेकिन अधिकारियों द्वारा दो दिन के भीतर स्वयं मकान खाली करने की चेतावनी दी गई।
पार्षद जीत राजपूत ने कहा कि बस्ती में रहने वाले अधिकांश परिवारों के पास वैध पट्टे हैं और वे नियमित रूप से नगर निगम को कर तथा बिजली बिल का भुगतान करते हैं। ऐसे में बिना वैकल्पिक व्यवस्था के उन्हें हटाना अन्यायपूर्ण है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि प्रस्तावित सड़क निर्माण के लिए मार्ग को डायवर्ट किया जाए, ताकि गरीब परिवारों के घर सुरक्षित रह सकें।
उन्होंने आगे कहा कि यह मामला केवल मकानों का नहीं, बल्कि सैकड़ों परिवारों के जीवन और आजीविका से जुड़ा है। वर्तमान में बस्ती के लोग भय और असुरक्षा के माहौल में जीने को मजबूर हैं।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री पी सी शर्मा, कांग्रेस जिला अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना, गोविंद गोयल, शबिस्ता ज़की, विभा पटेल, दीप्ति सिंह, जेपी धनोपिया, सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एवं आम नागरिक उपस्थित रहे।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासन से तत्काल कार्रवाई रोकने और बस्तीवासियों के हित में न्यायसंगत निर्णय लेने की मांग की है।
