भगवान हाटकेश्वर जयंती दिन बुधवार को श्रद्धा, विश्वास एवं धर्मभाव से मनाई जाएगी।

संतोष योगी की खबर 9993268143

जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर भोपाल में भगवान हाटकेश्वर जयंती का पावन पर्व दिन बुधवार को अत्यंत श्रद्धा, विश्वास एवं धर्मभाव के साथ मनाया जाएगा।

इस शुभ अवसर पर प्रातः 9: 30 बजे से भगवान हाटकेश्वर भगवान शिव का विधि-विधान, शुद्ध उच्चारण एवं वैदिक मंत्रोच्चार के साथ अभिषेक, पूजन एवं आरती संपन्न की जाएगी। तत्पश्चात श्रद्धालु भक्तों द्वारा रुद्राभिषेक, भजन-कीर्तन एवं मंत्र जाप का आयोजन किया जाएगा, जिससे संपूर्ण वातावरण भक्तिमय एवं आध्यात्मिक ऊर्जा से ओतप्रोत रहेगा।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार भगवान हाटकेश्वर, भगवान शिव का ही एक दिव्य एवं पूजनीय स्वरूप हैं, जो अपने भक्तों के कष्टों का निवारण करने वाले एवं कल्याणकारी माने जाते हैं। “हाटकेश्वर” का अर्थ है स्वर्ण (हाटक) के समान तेजस्वी ईश्वर स्वरूप शिव। यह स्वरूप जीवन में सुख, समृद्धि, आरोग्यता एवं आध्यात्मिक उन्नति प्रदान करने वाला माना गया है।

भारत में भगवान हाटकेश्वर का प्राचीन एवं प्रसिद्ध मंदिर गुजरात राज्य के वडनगर जिला मेहसाणा में स्थापित है, जिसे दशोरा नागर ब्राह्मण समाज का प्रमुख तीर्थ स्थल माना जाता है। इस मंदिर की अत्यंत प्राचीन धार्मिक परंपरा है और यहाँ दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन एवं पूजन के लिए आते हैं।

मान्यता है कि भगवान हाटकेश्वर की श्रद्धापूर्वक आराधना करने से नकारात्मक शक्तियों का नाश होता है, परिवार में शांति एवं सौभाग्य का वास होता है तथा साधक को मानसिक शांति एवं आत्मिक बल की प्राप्ति होती है।

यह पर्व विशेष रूप से दशोरा नागर समाज के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण एवं आस्था का केंद्र है, क्योंकि भगवान हाटकेश्वर को उनका आराध्य एवं कुलदेवता माना जाता है।

मंदिर समिति ने समस्त श्रद्धालु भक्तों से विनम्र अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर उपस्थित होकर शुद्ध उच्चारण, श्रद्धा, विश्वास एवं धर्मभाव के साथ पूजन-अर्चन कर धर्म लाभ प्राप्त करें।