“सिराली में पेयजल स्रोत के पास शौचालय निर्माण का विरोध, व्यापारी संघ ने सौंपा ज्ञापन”

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो संजय योगी की खबर 7805953532

जिला हरदा फुटकर व्यापारी संघ एवं नगरवासियों ने सिराली में पुराने ग्राम पंचायत भवन के समीप प्रस्तावित सार्वजनिक सुलभ शौचालय निर्माण का विरोध करते हुए उसका स्थान बदलने की मांग की है। इस संबंध में 1 अप्रैल को तहसीलदार के माध्यम से कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में संघ के सचिव आशीष पंवार ने बताया कि नगर परिषद द्वारा पुराने पंचायत भवन के पास स्थित नल-जल योजना के लगभग 40 वर्ष पुराने बोरवेल के निकट सामुदायिक शौचालय कॉम्प्लेक्स का निर्माण प्रस्तावित किया गया है। इसी बोरवेल से नगर की लगभग 75 प्रतिशत आबादी को पेयजल आपूर्ति होती है। ऐसे में बोरवेल के पास शौचालय निर्माण होने से पेयजल स्रोत के दूषित होने की आशंका है।

व्यापारी संघ ने हाल ही में इंदौर के भगीरथपुरा क्षेत्र में हुए जल प्रदूषण कांड का हवाला देते हुए कहा कि यदि समय रहते प्रस्तावित स्थल नहीं बदला गया तो सिराली में भी वैसी ही स्थिति बन सकती है। संघ का कहना है कि भविष्य में सेप्टिक टैंक या ड्रेनेज रिसाव होने पर दूषित पानी भूजल में मिल सकता है, जिससे डायरिया, उल्टी-दस्त जैसी जलजनित बीमारियां फैलने का खतरा रहेगा।

ज्ञापन में मांग की गई है कि प्रस्तावित निर्माण कार्य को तत्काल रोका जाए, विशेषज्ञों से तकनीकी जांच कराई जाए और शौचालय का निर्माण पेयजल स्रोत से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर कराया जाए। व्यापारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र स्थान परिवर्तन नहीं किया गया तो व्यापारी एवं नगरवासी आंदोलन करने को बाध्य होंगे।

ज्ञापन सौंपने के दौरान शेख असलम, आशीष पंवार, भोले शंकर कुशवाहा, सतनारायण सुचार, शैतान सिंह कोसा, दिनेश नामदेव, महेंद्र मालवीय, अनिल कुशवाहा, सतीश कुशवाह, योगेश कुशवाह, लाल कुशवाह, मंगेश कुशवाहा, अखिलेश कुशवाहा, दीपक कुशवाह तथा गोलू कुशवाहा सहित बड़ी संख्या में व्यापारी एवं नगरवासी उपस्थित रहे।