सिराली: साप्ताहिक हाट बाजार में अस्थाई सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने में परेशानी

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की रिपोर्ट 7805953532

सिराली। सिराली नगर में लगने वाले साप्ताहिक हाट बाजार में अस्थाई सब्जी विक्रेताओं को दुकान लगाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बुधवार को बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता तहसील कार्यालय पहुंचे और तहसीलदार के नाम ज्ञापन सौंपकर समस्या के समाधान की मांग की।

विक्रेताओं ने बताया कि वे अस्थाई रूप से हर रविवार को सिराली के हाट बाजार में सब्जी की दुकान लगाकर अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। लेकिन बाजार क्षेत्र में कई स्थाई मकान मालिक और दुकान संचालक उन्हें अपने घरों और दुकानों के सामने दुकान लगाने नहीं देते। इसके कारण हर सप्ताह उन्हें अपनी दुकान लगाने के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है।

व्यापारियों का कहना है कि कुछ लोगों ने अपनी दुकानों और मकानों के सामने ओटले बना लिए हैं, जिससे सड़क किनारे उपलब्ध स्थान और कम हो गया है। ऐसी स्थिति में अस्थाई विक्रेताओं को बैठने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिल पाती। कई बार इसी बात को लेकर अस्थाई विक्रेताओं और स्थाई दुकानदारों के बीच विवाद की स्थिति भी बन जाती है।

विक्रेताओं ने प्रशासन को बताया कि बाजार के दौरान अक्सर बहस और झगड़े की नौबत आ जाती है, जिससे बाजार का माहौल खराब होता है और ग्राहकों को भी परेशानी होती है। उन्होंने मांग की कि प्रशासन साप्ताहिक हाट बाजार के लिए अलग से स्थान निर्धारित करे, ताकि सभी अस्थाई विक्रेताओं को व्यवस्थित रूप से दुकान लगाने की सुविधा मिल सके।

ज्ञापन में व्यापारियों ने यह भी मांग उठाई कि यदि वर्तमान स्थान पर ही बाजार लगाया जाता है, तो स्थाई दुकानदारों को केवल एक दिन के लिए सीमित स्थान पर दुकान लगाने की अनुमति दी जाए, जिससे अस्थाई विक्रेताओं को भी बराबर अवसर मिल सके। इसके अलावा बाजार को किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर स्थानांतरित करने का सुझाव भी दिया गया।

व्यापारियों ने चेतावनी दी कि यदि शीघ्र उनकी समस्या का समाधान नहीं किया गया, तो वे अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे और रविवार को बाजार में दुकान नहीं लगाएंगे। इससे नगर में सब्जी की उपलब्धता पर भी असर पड़ सकता है।

ज्ञापन सौंपने के दौरान बड़ी संख्या में सब्जी विक्रेता मौजूद रहे। सभी ने प्रशासन से जल्द हस्तक्षेप कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने की मांग की।