भोपाल में बिजली कर्मचारी महासंघ का एकदिवसीय धरना संपन्न, 11 सूत्रीय मांगों को लेकर सरकार को चेतावनी
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल, मध्य प्रदेश बिजली कर्मचारी महासंघ द्वारा आज गोविंदपुरा स्थित बिजली कॉलोनी गेट पर एक दिवसीय धरना कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में कर्मचारियों ने भाग लेकर अपनी विभिन्न लंबित मांगों को जोरदार तरीके से उठाया।
धरने में महासंघ के अध्यक्ष अशोक शुक्ला, अखिल भारतीय बिजली मजदूर महासंघ के मंत्री राम विलास टाले, संगठन मंत्री राजेश जैन, निवर्तमान मंत्री नीलम धन्ना, महामंत्री (मध्य क्षेत्र) संदीप त्रिपाठी, कार्यकारिणी सदस्य रमेश नागर, ट्रांसमिशन अध्यक्ष जितेंद्र सिंह, महामंत्री (ट्रांसमिशन) राजेश जैन सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित रहे। इसके अलावा सेवानिवृत्त महासंघ के विनोद माथुर और भोपाल शहर वृत्त के विभिन्न कैडर के कर्मचारी भी बड़ी संख्या में शामिल हुए।
11 सूत्रीय मांगों को लेकर उठी आवाज
धरने के दौरान कर्मचारियों ने अपनी 11 प्रमुख मांगों को प्रमुखता से रखा। इनमें संविदा कर्मचारियों के नियमितीकरण, वेतन विसंगतियों का समाधान, बाह्य स्रोत कार्मिकों के लिए निगम गठन, गृह जिला स्थानांतरण नीति लागू करना, पेंशन व्यवस्था में सुधार, ग्रामीण सोसाइटी कर्मचारियों का संविलियन, ग्रेच्युटी बढ़ाने, अनुकंपा नियुक्ति, न्यायालय के आदेशों का पालन, उच्च शिक्षित कर्मचारियों को पदोन्नति तथा लंबित समस्याओं के निराकरण जैसी मांगें शामिल हैं।
सरकार को दी चेतावनी
महासंघ के पदाधिकारियों ने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई और संगठन के साथ सौहार्दपूर्ण बैठक आयोजित नहीं की गई, तो वे हड़ताल और विद्युत आपूर्ति बाधित करने जैसे कठोर कदम उठाने को मजबूर होंगे।
कर्मचारियों में दिखा एकजुटता का भाव
धरना स्थल पर कर्मचारियों में एकजुटता और आक्रोश दोनों देखने को मिला। वक्ताओं ने कहा कि वर्षों से लंबित समस्याओं को नजरअंदाज किया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों में असंतोष बढ़ता जा रहा है।
महासंघ ने अंत में आशा जताई कि सरकार उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान निकालेगी, ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा से आम जनता को बचाया जा सके।
