महाकाल लोक में गुरु गोरखनाथ की प्रतिमा और इंदौर मेट्रो स्टेशन का नामकरण करने की मांग

भोपाल हेडलाइंस संतोष योगी की खबर 9993268143

बालयोगी उमेशनाथ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर अखिल भारतवर्षीय नाथ समाज, इंदौर की दो प्रमुख पुनीत मांगों को शासन स्तर पर मंजूरी देने का आग्रह किया है।

पत्र में कहा गया है कि नाथ संस्कृति और परंपरा का पूरे भारत में व्यापक प्रभाव है तथा गुरु परंपरा को समाज में अत्यधिक सम्मान प्राप्त है। इसी को ध्यान में रखते हुए पहली मांग के रूप में महाकाल लोक में योग के जनक एवं शिव अवतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि उज्जैन गुरु गोरखनाथ की तपस्या और परंपरा से जुड़ा महत्वपूर्ण स्थल रहा है। यहां प्रतिमा स्थापित होने से धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक गौरव को नई पहचान मिलेगी।

दूसरी मांग में इंदौर के बापट चौराहा स्थित मेट्रो स्टेशन का नाम “योग के जनक, शिव अवतारी महायोगी गुरु गोरखनाथ जी” के नाम पर रखने का आग्रह किया गया है। यह मेट्रो स्टेशन भगवान गुरु गोरखनाथ मंदिर के समीप स्थित है। समाज का कहना है कि स्टेशन का नाम गुरु गोरखनाथ के नाम पर होने से श्रद्धालुओं और आमजन को इस महान विभूति का स्मरण बना रहेगा।

राज्यसभा सांसद ने मुख्यमंत्री से दोनों ऐतिहासिक एवं जनहितकारी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेते हुए शीघ्र स्वीकृति प्रदान करने का आग्रह किया है, ताकि भारत की प्राचीन योग परंपरा को उचित सम्मान और पहचान मिल सके।