*गुड फ्राइडे पर प्रभु यीशु के सात वचनों पर हुआ मनन, मसीही समाज ने किया प्रार्थना आयोजन*

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। गुड फ्राइडे के अवसर पर मसीही समाज के लोगों ने प्रभु द्वारा क्रूस पर कहे गए सात वचनों (सात वाणियों) पर गहन मनन किया। इस अवसर पर विशेष प्रार्थना सभाओं और धार्मिक कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।

भोपाल स्थित सेंट जॉन्स चर्च में आयोजित कार्यक्रम के दौरान आर्चडेकन रेव. डॉ. अनिल मार्टिन ने श्रद्धालुओं को संबोधित करते हुए कहा कि प्रभु यीशु मसीह ने समस्त मानव जाति के लिए क्षमा और प्रेम का संदेश दिया। उन्होंने बताया कि क्रूस पर अंतिम समय में भी प्रभु ने कहा, “हे पिता, इन्हें क्षमा कर, क्योंकि ये नहीं जानते कि ये क्या कर रहे हैं।” यह वचन मानवता के लिए करुणा और क्षमा का सर्वोच्च उदाहरण है।

उन्होंने आगे कहा कि गुड फ्राइडे केवल शोक का दिन नहीं, बल्कि आत्मचिंतन, त्याग और प्रेम का संदेश देने वाला दिन है। इस दिन हमें अपने जीवन में क्षमा, दया और सेवा के भाव को अपनाना चाहिए।

कार्यक्रम में युवा सचिव अमन मार्टिन ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए युवाओं से आह्वान किया कि वे प्रभु यीशु के बताए मार्ग पर चलें और समाज में प्रेम, शांति और भाईचारे को बढ़ावा दें।

प्रार्थना सभा में बड़ी संख्या में मसीही समाज के लोग उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर प्रभु के बलिदान को स्मरण करते हुए शांति एवं मानवता के लिए प्रार्थना की।