एआईबीईयू कार्यालय पर बैठक आयोजित, कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान, आंदोलन की रणनीति एवं मजदूर दिवस कार्यक्रम पर हुई विस्तृत चर्चा

संतोष योगी की खबर 999 3268 143

भोपाल,ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लाइज यूनियन (AIBEU) संबद्ध निफ्टू के कार्यालय पर आज एक महत्वपूर्ण एवं विस्तृत बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में बीएचईएल भोपाल के कर्मचारियों द्वारा निर्धारित प्रोडक्शन लक्ष्य को सफलतापूर्वक पूरा करने पर सभी मेहनतकश श्रमिकों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही कर्मचारियों की विभिन्न लंबित समस्याओं, मांगों एवं उनके निराकरण को लेकर गंभीरता से चर्चा की गई।

बैठक के दौरान कर्मचारियों से प्राप्त विभिन्न मुद्दों को विस्तार से रखा गया, जिसमें कार्यस्थल की समस्याएं, सुविधाओं की कमी, प्रबंधन की कार्यप्रणाली एवं अन्य लंबित मांगें प्रमुख रूप से शामिल रहीं। इन सभी बिंदुओं पर चर्चा करते हुए यूनियन द्वारा आगामी समय में आंदोलन की रणनीति एवं रूपरेखा भी तैयार की गई, ताकि कर्मचारियों के हितों की रक्षा सुनिश्चित की जा सके।

यूनियन के महासचिव रामनारायण गिरी ने अपने संबोधन में कहा कि यूनियन ने पूर्व में प्रबंधन को यह आश्वासन दिया था कि कारखाना हित में 31 मार्च तक उत्पादन कार्य को प्रभावित नहीं किया जाएगा और किसी प्रकार का आंदोलन नहीं किया जाएगा। अब जबकि उत्पादन अवधि समाप्त हो चुकी है और बीएचईएल भोपाल के मेहनतकश कर्मचारियों ने पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ दिए गए लक्ष्य को हासिल कर लिया है, ऐसे में प्रबंधन का दायित्व बनता है कि वह कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय ले। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि यदि प्रबंधन द्वारा जल्द ही कर्मचारियों की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया, तो यूनियन को मजबूरन आंदोलन की दिशा में कदम उठाना पड़ेगा।

बैठक में यूनियन के मीडिया प्रभारी आशीष सोनी ने जानकारी देते हुए बताया कि कर्मचारियों की मांगों पर चर्चा के साथ-साथ संगठन को और अधिक सशक्त बनाने हेतु इस वर्ष भी सदस्यता अभियान चलाने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि यह अभियान पूरे जोश एवं व्यापक स्तर पर चलाया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक कर्मचारी यूनियन से जुड़ सकें।

इसके साथ ही आगामी मजदूर दिवस (1 मई) के अवसर पर आयोजित किए जाने वाले विशेष कार्यक्रम “एक शाम भेल श्रमिकों के नाम” की विस्तृत रूपरेखा भी बैठक में तैयार की गई। इस कार्यक्रम के माध्यम से श्रमिकों के योगदान को सम्मानित करने एवं उनके बीच एकता एवं भाईचारे को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा। बैठक में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि इस वर्ष भी यह कार्यक्रम भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि यदि प्रबंधन द्वारा कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान में देरी की जाती है, तो यूनियन चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी पूरी रणनीति तैयार कर ली गई है।

इस अवसर पर यूनियन के पदाधिकारी, विभिन्न समितियों के सदस्य, शॉप काउंसिल के सदस्य एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने एकजुट होकर कर्मचारियों के हितों की रक्षा के लिए संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।