डॉ. अंबेडकर की जयंती पर जिला स्तरीय कार्यक्रम सम्पन्न
कार्यक्रम में डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों और योगदान के बारे में जानकारी दी गई

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532

हरदा / डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के उपलक्ष्य में 14 अप्रैल तक जिला एवं विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किए जायेंगे। इन कार्यक्रमों में डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों, देश एवं लोकतंत्र के लिए उनके योगदान तथा संविधान निर्माण में उनकी महती भूमिका के बारे में बताया जाएगा। इसी क्रम में शुक्रवार को जिला पंचायत के सभाकक्ष में जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह, विधायक हरदा डॉ. आर.के. दोगने, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री दर्शन सिंह गेहलोत, जिला पंचायत सदस्य श्री ललित पटेल व श्री कमलेश सेजकर, जिला पंचायत के अतिरिक्त कार्यपालन अधिकारी श्री प्रवीण इवने सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

 कार्यक्रम में प्राचार्य शासकीय सांदिपनी विद्यालय करताना श्री पी.सी. दांदरे एवं सहायक प्रध्यापक, आदर्श महाविद्यालय श्री संतोष कुमार राठौर ने प्रवक्ता के रूप डॉ. अंबेडकर के जीवन, विचारों, देश एवं लोकतंत्र के लिए उनके योगदान तथा संविधान निर्माण में उनकी महती भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग, विधिक सेवा प्राधिकरण, पशुपालन विभाग सहित अन्य विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने विभाग की जनकल्याणकारी एवं हितग्राही मूलक योजनाओं की जानकारी दी गई। सीएमएचओ डॉ. एच.पी. सिंह ने उपस्थित जनों को सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी वैक्सीन की जानकारी दी। उन्होने उपस्थित लोगों को 14 से 15 वर्ष तक बालिकाओं को वैक्सीन लगवाने के लिए प्रेरित किया। 

 कार्यक्रम में हरदा विधायक डॉ. दोगने ने डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती की शुभकामनाएं और बधाई देते हुए कहा कि शासन द्वारा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। विभागीय अधिकारियों से सम्पर्क कर शासन की इन योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर योजनाओं का लाभ उठाएं। उन्होने कहा कि संविधान निर्माता डॉ. अम्बेडकर का उद्देश्य था कि समाज का हर वर्ग शिक्षित हो, हमें उनके इस उद्देश्य को पूरा करना है। 

 जिला पंचायत अध्यक्ष श्री गजेन्द्र शाह ने कहा कि आज हम ऐसे महापुरुष की जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित हुए है जिन्हें देश के संविधान निर्माता कहा जाता है। उन्होने सभी को डॉ. भीमराव अम्बेडकर जी की जयंती की शुभकामनाएं और बधाई दी। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री गहलोत, जिला पंचायत सदस्य श्री कमलेश सेजकर व श्री ललित पटेल ने भी सभी को अम्बेडकर जी की जयंती की शुभकामनाएं दी।