बीएचईएल कर्मचारियों के लिए “हॉलिडे होम” बुकिंग सुविधा बहाल करने की मांग
बीएचईएल कर्मचारियों के लिए “हॉलिडे होम” बुकिंग सुविधा बहाल करने की मांग
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल,ऑल इंडिया बीएचईएल एम्प्लॉइज यूनियन (ऐबू) संबद्ध नेशनल फ्रंट ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियन (निफ्टू) के प्रतिनिधिमंडल ने शुक्रवार को बीएचईएल प्रबंधन के समक्ष कर्मचारियों के हित में “हॉलिडे होम” बुकिंग सुविधा को पुनः प्रारंभ करने की मांग उठाई।
यूनियन के इकाई महासचिव एवं एनएफआईटीयू के प्रदेश अध्यक्ष श्री रामनारायण गिरी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने जीएम (एचआर) श्री टी. यू. सिंह से मुलाकात की। इस दौरान (एचआर/आईआर) की ओर से श्रीमती सुरेखा बंछौर भी उपस्थित रहीं। प्रतिनिधिमंडल ने बीएचईएल के निदेशक (मानव संसाधन) श्री तजिंदर गुप्ता के नाम ज्ञापन सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल में यूनियन अध्यक्ष श्री सतेन्द्र कुमार, कार्यकारी अध्यक्ष श्री आशीष सोनी, कोषाध्यक्ष श्री विशाल वाणी, कार्यालय मंत्री श्री योगेश देवस्कर एवं सह-कोषाध्यक्ष श्री धर्मेंद्र गुप्ता शामिल थे।
यूनियन ने अपने ज्ञापन में कहा कि कोविड-19 महामारी के दौरान सुरक्षा कारणों से बंद की गई हॉलिडे होम बुकिंग सुविधा को अब पुनः शुरू किया जाना चाहिए, क्योंकि वर्तमान में परिस्थितियां सामान्य हो चुकी हैं और पर्यटन गतिविधियां पूर्ण रूप से संचालित हो रही हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि संयुक्त समिति की बैठक में ऐबू यूनियन के प्रतिनिधियों द्वारा ये मुद्दा उठाने पर इस विषय पर पहले ही सहमति बन चुकी है और प्रबंधन द्वारा सुविधा बहाल करने का आश्वासन दिया गया था। यूनियन ने मांग की कि देशभर में हॉलिडे होम्स की बुकिंग सुविधा पुनः चालू की जाए तथा नए स्थानों पर होटलों/अतिथि गृहों से अनुबंध कर एमएपी (ब्रेकफास्ट व लंच/डिनर) सुविधा भी उपलब्ध कराई जाए।
यूनियन ने कहा कि यह सुविधा कर्मचारियों को मानसिक विश्राम और पारिवारिक समय प्रदान करने में सहायक होगी, जिससे उनका मनोबल और कार्यक्षमता दोनों बढ़ेगी।
यूनियन को विश्वास है कि प्रबंधन कर्मचारियों के हितों को ध्यान में रखते हुए इस दिशा में शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेगा।
आशीष सोनी कार्यवाहक अध्यक्ष
