पर्यावरण को समर्पित राठौर संघ भोपाल का सामूहिक विवाह सम्मेलन 20 अप्रैल को

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। राठौर समाज की प्रतिष्ठित संस्था “राठौर संघ भोपाल” द्वारा समाज में संस्कार, परंपरा और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 20 अप्रैल 2026 (अक्षय तृतीया) को एक भव्य सामूहिक विवाह सम्मेलन एवं परिचय सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन पूर्णतः पर्यावरण संरक्षण को समर्पित रहेगा और इसे प्लास्टिक मुक्त सम्मेलन के रूप में आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम का आयोजन पंडित खुशीलाल शर्मा आयुर्वेदिक चिकित्सा संस्थान परिसर, दशहरा मैदान, कलियासोत डेम, नेहरू नगर, भोपाल में किया जाएगा।

सुबह से शुरू होगा कार्यक्रम

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रातः 8 बजे दीप प्रज्वलन एवं श्री गणेश वंदना के साथ होगा। इसके बाद सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक परिचय सम्मेलन आयोजित किया जाएगा, जिसमें लगभग 250 युवक-युवतियां अपना परिचय देंगे। इसके पश्चात वैदिक रीति-रिवाजों के अनुसार दोपहर में सामूहिक विवाह संस्कार संपन्न कराए जाएंगे।

प्लास्टिक मुक्त रहेगा पूरा आयोजन

आयोजन को पूरी तरह पर्यावरण अनुकूल बनाने के लिए प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा। भोजन एवं स्वल्पाहार के लिए कागज से बने डिस्पोजल का उपयोग किया जाएगा, वहीं पानी पीने के लिए तांबे और स्टील के लोटों की व्यवस्था रहेगी।

स्वच्छता पर विशेष ध्यान

स्वच्छ भारत अभियान की भावना को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रम स्थल पर स्वच्छता का विशेष ध्यान रखा जाएगा। कचरा प्रबंधन के लिए अलग टीम तैनात रहेगी, जो कार्यक्रम के दौरान और बाद में स्थल की सफाई सुनिश्चित करेगी।

दहेज मुक्त सम्मेलन का संदेश

राठौर संघ द्वारा यह सम्मेलन पूर्णतः दहेज मुक्त रखा गया है, जिससे समाज में दहेज प्रथा के खिलाफ मजबूत संदेश दिया जा सके।

लकड़ी भट्टी पर बनेगा भोजन

अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों और ईंधन की स्थिति को देखते हुए आयोजन में भोजन लकड़ी की भट्टियों पर तैयार किया जाएगा।

आशीर्वाद व सम्मान समारोह भी

कार्यक्रम के अंतर्गत दोपहर 1 बजे से शाम 5 बजे तक नवदंपतियों को आशीर्वाद, अतिथियों एवं जनप्रतिनिधियों का सम्मान और विदाई समारोह आयोजित किया जाएगा। इस दौरान भोजन एवं स्वल्पाहार की व्यवस्था भी रहेगी।

कार्यक्रम में डॉ. मोहन यादव सहित कई जनप्रतिनिधियों और विशिष्ट अतिथियों को आमंत्रित किया गया है।

इस आयोजन में जी.एल. राठौर, राजकुमार राठौर, मदनलाल राठौर, मनोज राठौर, दिनेश राठौर सहित समाज के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य सक्रिय भूमिका निभा रहे