“कबड्डी का महाकुंभ युवा कप” का भव्य समापन, आरसीसी टीम बनी विजेता

“कबड्डी का महाकुंभ युवा कप” का भव्य समापन, आरसीसी टीम बनी विजेता

संतोष योगी | 9993268143

भोपाल। विवेकानंद खेल महोत्सव समिति द्वारा आयोजित तीन दिवसीय “कबड्डी का महाकुंभ युवा कप” प्रतियोगिता का रविवार को भव्य समापन हो गया। हमीदिया रोड स्थित श्री राम मंदिर परिसर (मनोहर डेरी के पीछे) में आयोजित इस प्रतियोगिता के अंतिम दिन मुकाबले बेहद रोमांचक रहे। खिलाड़ियों के शानदार खेल प्रदर्शन और दर्शकों के उत्साह ने पूरे माहौल को खेलमय बना दिया।
समापन दिवस पर टीमों के बीच कांटे की टक्कर देखने को मिली। खिलाड़ियों ने बेहतरीन रेड और मजबूत डिफेंस का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। हर अंक पर दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन ने खिलाड़ियों का जोश और बढ़ा दिया।
आरसीसी टीम ने जीता खिताब
फाइनल मुकाबले में आरसीसी भोपाल टीम ने उत्कृष्ट खेल का प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब अपने नाम किया। बीएचईएल टीम उपविजेता रही, जबकि टीटी नगर की टीम तीसरे स्थान पर रही।
पुरस्कार वितरण एवं अतिथियों की उपस्थिति
आयोजक विवेक चौरसिया के अनुसार प्रतियोगिता 16 से 18 अप्रैल तक आयोजित की गई, जिसमें विजेता टीम को 25,000 रुपये एवं उपविजेता टीम को 11,000 रुपये की नकद राशि प्रदान की गई।
समापन समारोह में खेल एवं सहकारिता मंत्री कैलाश विश्वास सारंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। विशेष अतिथि अभय पंडित ने विजेता टीम को शील्ड एवं नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर अध्यक्ष नीलेश राजेश राय, अनिल रजक, सागर चड्डा, शिवम चौरसिया, नयन अग्रवाल एवं कार्यक्रम संयोजक विवेक चौरसिया (जिला मीडिया प्रभारी, भाजयुमो भोपाल) सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
साथ ही समाजसेवी पूरन चौरसिया, कृष्णकांत चौरसिया एवं चौरसिया समाज के राष्ट्रीय महामंत्री रमेश चौरसिया सहित बड़ी संख्या में नागरिकों की उपस्थिति रही।
मीडिया टीम का भी हुआ सम्मान
समिति द्वारा हेडलाइंस 24 के संपादक संतोष योगी एवं कैमरामेन मनीष विश्वकर्मा को उत्कृष्ट कवरेज के लिए सम्मानित किया गया।
युवाओं को खेलों से जोड़ने की पहल
आयोजक विवेक चौरसिया ने बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करना और कबड्डी जैसे पारंपरिक खेल को बढ़ावा देना है। तीनों दिनों तक खिलाड़ियों में जबरदस्त उत्साह और जीत का जज्बा देखने को मिला।
सफल आयोजन से बढ़ा खेल प्रेमियों का उत्साह
तीन दिवसीय “कबड्डी का महाकुंभ युवा कप” प्रतियोगिता का सफल समापन शहर के खेल प्रेमियों के लिए यादगार रहा, जिसने युवाओं में खेल के प्रति नई ऊर्जा का संचार किया।