भव्य मांगलिक भवन निर्माण के लिए किसान ने दान की एक एकड़ भूमि, समाज में खुशी की लहर

 

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532

रहटगांव। कुर्मी क्षत्रिय गौर समाज ग्राम इकाई पानतलाई के लिए आज का दिन ऐतिहासिक रहा, जब ग्राम पानतलाई के कृषक सालकराम गौर (पिता भगीरथ गौर, लोनिया) ने समाजहित में एक सराहनीय पहल करते हुए एक एकड़ भूमि मांगलिक भवन निर्माण के लिए दान स्वरूप समर्पित की।

यह भूमि आज समाज के सभी सदस्यों की उपस्थिति में विधिवत रूप से समाज को सुपुर्द की गई। इस पुनीत कार्य से पूरे समाज में हर्ष और उत्साह का माहौल है। ग्रामीणों एवं समाजजनों ने इसे एक प्रेरणादायक कदम बताते हुए कहा कि यह पहल आने वाली पीढ़ियों के लिए एक मिसाल बनेगी।

समाज के पदाधिकारियों ने बताया कि दान की गई भूमि पर शीघ्र ही भव्य मांगलिक भवन का निर्माण किया जाएगा, जिससे समाज के सभी सामाजिक एवं धार्मिक कार्यक्रमों के आयोजन में सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर उपस्थित समाजजनों ने सालकराम गौर के इस उदार योगदान की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए उनके प्रति आभार व्यक्त किया। ग्राम इकाई पानतलाई के अध्यक्ष सहित सभी पदाधिकारियों ने इसे समाज के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।