जली फसल के बीच उम्मीद की किरण बने विधायक अभिजीत शाह, किसानों को दिलाया उचित भाव

 

भोपाल हेडलाइंस | सिराली/संजय योगी की खबर 7805953532

 

हरदा जिले के ग्राम बड़झिरी में हुई भीषण आगजनी ने 8 किसान परिवारों की जिंदगी को झकझोर कर रख दिया। खेतों में खड़ी फसल जलकर पूरी तरह राख हो गई—ऐसी स्थिति कि उसे न तो पशु खा सकते थे और न ही बाजार में उसका कोई मूल्य मिल रहा था। मंडी में इस जली फसल का भाव महज 400 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा था, जिससे किसानों की उम्मीदें पूरी तरह टूट चुकी थीं।

निराशा के बीच किसान अपनी जली हुई फसल लेकर सिराली मंडी पहुंचे, लेकिन वहां भी उन्हें उचित दाम नहीं मिल पाया। हताश किसानों ने अपनी पीड़ा टिमरनी विधायक अभिजीत शाह तक पहुंचाई।

सूचना मिलते ही विधायक अभिजीत शाह तत्काल मंडी पहुंचे और किसानों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। उन्होंने किसानों की स्थिति को समझते हुए तत्काल पहल की और उनकी जली हुई फसल को भी 2500 रुपए प्रति क्विंटल के भाव बिकवाया, जो उस दिन हरदा जिले की मंडियों में सबसे अधिक रहा।

इसके पूर्व विधायक शाह ग्राम बड़झिरी पहुंचकर आगजनी से प्रभावित परिवारों से भी मिले। उन्होंने सभी 8 परिवारों को तत्काल राहत देते हुए प्रत्येक परिवार को ₹16,000 की नगद सहायता प्रदान की तथा अतिरिक्त ₹10,000 प्रति परिवार देने की घोषणा की। साथ ही जरूरत के अनुसार कपड़े, बर्तन एवं अन्य आवश्यक सामग्री भी उपलब्ध कराई।

इस संवेदनशील पहल के बाद किसानों की आंखों में आंसू के साथ राहत और भरोसा भी नजर आया। उन्होंने कहा कि मुश्किल की इस घड़ी में उनका जनप्रतिनिधि उनके साथ खड़ा है, यही सबसे बड़ी ताकत है।

ग्राम बड़झिरी की यह घटना जहां एक ओर किसानों के लिए बड़ी त्रासदी बनकर सामने आई, वहीं विधायक की त्वरित सहायता ने उन्हें नई उम्मीद भी दी है।