कैंपियन स्कूल में प्रायमरी सेक्शन कैबिनेट का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल/कैंपियन स्कूल, भोपाल में प्रायमरी सेक्शन के लिए कैबिनेट अलंकरण एवं शपथ ग्रहण समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर नवगठित छात्र परिषद के स्टूडेंट्स ने अपने पद और निष्ठा की शपथ ली तथा उन्हें अनुशासन और जिम्मेदारी का एहसास कराने का दायित्व सौंपा गया।
कार्यक्रम का आयोजन स्कूल परिसर स्थित लोयोला ऑडिटोरियम में किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि स्कूल के प्राचार्य डॉ. फादर अथानस लकड़ा एस.जे. रहे। उनके साथ हेडमिस्ट्रेस सिस्टर रेनिशा, सिस्टर दीपशिखा और सिस्टर जेसिंता भी उपस्थित रहीं।
इस वर्ष कैबिनेट की थीम “राइजिंग टू लीड” रखी गई, जिसका उद्देश्य बच्चों में नेतृत्व क्षमता विकसित करना और उन्हें जिम्मेदारियों के प्रति जागरूक बनाना था। कार्यक्रम की शुरुआत प्रार्थना से हुई, जिसके बाद छात्राओं ने सुंदर प्रार्थना नृत्य प्रस्तुत किया।
शपथ ग्रहण की प्रक्रिया प्राचार्य फादर द्वारा दिलाई गई सामूहिक शपथ से प्रारंभ हुई। इसके पश्चात हेड बॉय मास्टर हाफी खान और असिस्टेंट हेड गर्ल मिस मरियम काजी सहित गांधी, टैगोर, नेहरू और अशोका हाउस के कैप्टन एवं असिस्टेंट कैप्टन ने अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ ली।
समारोह में मुख्य अतिथि एवं प्राचार्य द्वारा सभी पदाधिकारियों को बैज प्रदान किए गए। साथ ही हाउस मास्टर्स एवं मिस्ट्रेस द्वारा अन्य छात्रों को भी उनके पदों के अनुरूप सम्मानित किया गया। चारों हाउस के प्रतिनिधियों ने नव निर्वाचित छात्रों को ध्वज सौंपकर उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य ने नई छात्र परिषद को शुभकामनाएं देते हुए उनसे निष्ठा और समर्पण के साथ अपने दायित्व निभाने का आह्वान किया। समारोह का समापन स्कूल गान के साथ हुआ।