मानव जीवन ईश्वर भक्ति के लिए मिला अनमोल उपहार — पंडित अनिल पगारे
मानव जीवन ईश्वर भक्ति के लिए मिला अनमोल उपहार — पंडित अनिल पगारे


भोपाल हेडलाइंस | हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी (मो. 7805953532)
हरदा/सिराली। नगर के कनक मैरिज गार्डन में आयोजित भव्य संगीतमय श्रीमद भागवत कथा ज्ञान यज्ञ में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है। कथा के पंचम दिवस पर पूरा वातावरण भक्तिमय नजर आया, जहां भजन-कीर्तन और प्रवचनों से श्रद्धालु भाव-विभोर हो गए।
कथा वाचक पंडित श्री अनिल श्याम जी पगारे ने अपने प्रवचन में कहा कि मानव जीवन ईश्वर द्वारा दिया गया एक अनमोल उपहार है, जिसका सही उपयोग केवल भक्ति, सेवा और सत्कर्म में ही निहित है। उन्होंने कहा कि मनुष्य को अपने अमूल्य जीवन को व्यर्थ कार्यों में न गंवाते हुए भगवान की भक्ति में लगाना चाहिए, क्योंकि यही जीवन का सच्चा उद्देश्य है।
पंडित पगारे ने आगे कहा कि भक्ति के मार्ग पर चलकर ही मनुष्य आत्मिक शांति और मोक्ष की प्राप्ति कर सकता है। कथा के दौरान विभिन्न धार्मिक प्रसंगों का सुंदर एवं मार्मिक वर्णन किया गया, जिसे सुनकर उपस्थित श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे।
आयोजन स्थल पर भक्तिरस से सराबोर माहौल बना रहा। प्रतिदिन आयोजित हो रहे भजन-कीर्तन में श्रद्धालु उत्साहपूर्वक भाग ले रहे हैं और कथा का रसपान कर पुण्य लाभ अर्जित कर रहे हैं।
यह आयोजन समस्त तोमर परिवार एवं ग्रामवासी रामपुरा द्वारा किया जा रहा है, जिसमें क्षेत्र के बड़ी संख्या में धर्मप्रेमीजन अपनी सहभागिता निभा रहे हैं।
