इंद्रध्वज स्थापना के साथ श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ, 15 से 21 मई तक होगा भव्य आयोजन
इंद्रध्वज स्थापना के साथ श्री राम महायज्ञ का शुभारंभ, 15 से 21 मई तक होगा भव्य आयोजन
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल/रातीबड़। भोपाल जिला अंतर्गत रातीबड़ के समीप स्थित ग्राम लसूडिया गोँसाई में 25 अप्रैल 2026 को पावन अवसर पर वैदिक विधि-विधान से इंद्रध्वज (महाध्वज) की स्थापना की गई। यह आयोजन आगामी 15 मई से 21 मई तक आयोजित होने वाले सप्तदिवसीय श्री राम महायज्ञ एवं श्री राम कथा के उपलक्ष में संपन्न हुआ।
पावन श्री जानकी नवमी की बेला एवं अभिजीत मुहूर्त में यज्ञशाला के ईशान कोण में पंचरंगी महाध्वज ‘इंद्रध्वजा’ की स्थापना ग्रामवासियों द्वारा विधिवत पूजन-अर्चन, परिक्रमा एवं हवन के साथ की गई। इस धार्मिक अनुष्ठान का संचालन यज्ञाचार्य पंडित गंगा प्रसाद आचार्य धर्माधिकारी के सान्निध्य में किया गया।
आयोजकों के अनुसार, इस विशाल श्री राम महायज्ञ में समस्त ग्रामवासी एवं क्षेत्रीय श्रद्धालुओं के सहयोग से याज्ञिक कर्म संपन्न होंगे। कथा व्यास पंडित ललित कृष्ण महाराज के श्रीमुख से श्री राम कथा की अमृतमयी ज्ञान गंगा प्रवाहित होगी, जिसका लाभ श्रद्धालुजन प्राप्त करेंगे।
महायज्ञ में अनेक यजमान जोड़े भगवान यज्ञ नारायण का पूजन, अर्चन एवं हवन कर राष्ट्र रक्षा, धर्म रक्षा, गौ रक्षा एवं विश्व कल्याण की मंगल कामना करेंगे। साथ ही प्रकृति पोषण एवं जनमानस के कल्याण हेतु आहुतियां दी जाएंगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यज्ञादि कर्मों से वातावरण शुद्ध होता है, समय पर वर्षा होती है और अन्न उत्पादन में वृद्धि होती है, जिससे समस्त प्राणियों का भरण-पोषण संभव होता है।
आयोजकों ने क्षेत्र के समस्त श्रद्धालु भक्तों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस दिव्य एवं पुण्यकारी महायज्ञ एवं श्री राम कथा का लाभ अर्जित करने की अपील की है।
