कीर्तन, सेवा और लंगर के साथ मनाया गया प्रकाश पर्व, गुरुद्वारा श्री गुरु तेज बहादुर साहब में उमड़ा श्रद्धा का सैलाब

संतोष योगी की खबर 999 3268 143

भोपाल। गुरुद्वारा श्री गुरु तेज बहादुर साहब, एम्स रोड, साकेत नगर में प्रकाश पर्व बड़े उत्साह, श्रद्धा और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विशेष कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया, जिसमें संगत ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर गुरु वाणी का रसपान किया।

गुरुद्वारा परिसर आध्यात्मिक वातावरण से सराबोर रहा। श्रद्धालुओं ने मत्था टेककर गुरु साहिब का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा कीर्तन के माध्यम से सेवा, समर्पण और मानवता का संदेश ग्रहण किया।

गुरुद्वारा के मुख्य सेवादार हरदीप सिंह सैनी ने जानकारी देते हुए बताया कि गुरुद्वारा में पिछले कई वर्षों से निस्वार्थ सेवा की परंपरा निरंतर जारी है। यहां नियमित रूप से लंगर सेवा संचालित की जाती है, जहां सभी धर्मों और वर्गों के लोग प्रेमपूर्वक भोजन ग्रहण करते हैं।

उन्होंने बताया कि मध्यमवर्गीय परिवारों के मरीजों को दवाइयां एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं भी गुरुद्वारा द्वारा निशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। यह सेवा समाज के सहयोग और संगत की भागीदारी से संभव हो पा रही है।

हरदीप सिंह सैनी ने कहा कि गुरुद्वारा केवल एक धार्मिक स्थल नहीं, बल्कि सेवा भावना का केंद्र है, जहां मानवता को सर्वोच्च स्थान दिया जाता है। जरूरतमंदों की सहायता करना ही सच्ची श्रद्धा और गुरु साहिब की शिक्षाओं का पालन है।

प्रकाश पर्व के अवसर पर सेवा भावना, भाईचारे और समाजहित के संकल्प के साथ श्रद्धालुओं ने गुरु चरणों में अरदास की। अंत में विशाल लंगर का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम ने समाज में एकता, करुणा और सेवा के संदेश को और अधिक सशक्त किया।