महाकाल लोक में गुरु गोरक्षनाथ की प्रतिमा स्थापना व इंदौर मेट्रो स्टेशन का नामकरण करने का अनुरोध

भोपाल हैडलाइंस संतोष योगी की खबर 999 3268 143 

भोपाल | मध्यप्रदेश शासन के पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, विमुक्त घुमंतु एवं अर्धघुमंतु कल्याण विभाग की राज्यमंत्री कृष्णा गौर द्वारा मुख्यमंत्री को एक महत्वपूर्ण पत्र प्रेषित किया गया है, जिसमें धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व से जुड़े प्रस्तावों पर कार्रवाई का अनुरोध किया गया है।

पत्र में डॉ. प्रकाश नाथ शास्त्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष, अखिल भारतीय नाथ योगी महासभा द्वारा दिए गए आवेदन का उल्लेख किया गया है। इसमें उज्जैन स्थित महाकाल लोक में भगवान शिव अवतारी एवं योग के जनक महायोगी गुरु गोरक्षनाथ जी की भव्य प्रतिमा स्थापित करने की मांग की गई है।

इसके साथ ही इंदौर के बापट चौराहे स्थित गुरु गोरक्षनाथ मंदिर के पास प्रस्तावित मेट्रो स्टेशन का नाम “गुरु गोरक्षनाथ मेट्रो स्टेशन” रखने का भी अनुरोध किया गया है।

राज्यमंत्री ने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि उक्त प्रस्तावों पर यथोचित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि धार्मिक आस्था एवं सांस्कृतिक विरासत को सम्मान मिल सके।

यह प्रस्ताव धार्मिक संगठनों और नाथ समाज की भावनाओं से जुड़ा बताया जा रहा है, जिस पर शासन स्तर पर निर्णय की प्रतीक्षा है।