पिपलानी में शाम 8 बजे सजेगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मजदूर दिवस पर गूंजेगा काव्य का स्वर
पिपलानी में शाम 8 बजे सजेगा अखिल भारतीय कवि सम्मेलन, मजदूर दिवस पर गूंजेगा काव्य का स्वर
संतोष योगी की खबर 9993268143
भोपाल। मजदूर दिवस के अवसर पर आज 1 मई 2026 को राजधानी भोपाल के पिपलानी क्षेत्र स्थित सोनागिरी चौराहे पर शाम 8:00 बजे से भव्य अखिल भारतीय कवि सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा। श्रमश्री सेवा संस्था द्वारा आयोजित इस विशेष साहित्यिक कार्यक्रम में देशभर के ख्यातिप्राप्त कवि और कवयित्रियां अपनी रचनाओं से श्रोताओं को भावविभोर करेंगे।
संस्था अध्यक्ष रामबाबू शर्मा ने बताया कि मजदूर दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित यह कार्यक्रम साहित्य, संस्कृति और श्रमिक सम्मान का अद्भुत संगम होगा। सम्मेलन में हास्य के विश्वप्रसिद्ध कवि शंभू शिखर अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों को हंसाएंगे, वहीं लालकिले की प्राचीर से काव्यपाठ कर चुके चर्चित कवि एवं मंच संचालक शशिकांत यादव भी मंच की शोभा बढ़ाएंगे।
माया नगरी मुंबई से लोकप्रिय गीतकार चंदन राय अपने गीतों से माहौल को सुरमयी बनाएंगे। हास्य के उभरते सितारे हीरामणि वैष्णव अपनी विशिष्ट शैली से कार्यक्रम में नई ऊर्जा भरेंगे।
कवयित्री शिवांगी Sharma भक्ति एवं श्रृंगार रस की रचनाओं से श्रोताओं को सराबोर करेंगी, जबकि नंदनी श्रीवास्तव गीत-ग़ज़लों की प्रभावशाली प्रस्तुति देंगी। युवा कवि सुमित ओरछा अपनी राममय रचनाओं से विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
कार्यक्रम स्थल पिपलानी पेट्रोल पंप, सोनागिरी चौराहा रहेगा, जहां बड़ी संख्या में साहित्य प्रेमियों, श्रमिक साथियों और शहरवासियों के पहुंचने की उम्मीद है।
संस्था के पदाधिकारियों में कोषाध्यक्ष सुनील गंगवानी, तरुण चूड़मणी, महेश मालवीय, धर्मेन्द्र सोलंकी, राजेश बबेले, प्रदीप शर्मा, कमल बेलनी और संतोष चौकसे ने सभी नागरिकों से इस सांस्कृतिक आयोजन में शामिल होने की अपील की है।
मजदूर दिवस पर यह आयोजन केवल एक कवि सम्मेलन नहीं, बल्कि श्रमिकों के सम्मान और साहित्य के उत्सव का जीवंत प्रतीक बनने जा रहा है।
