22 वर्षों की अटूट परंपरा: सुंदर नगर छोला से 251 श्रद्धालु रवाना, भक्ति और उल्लास से गूंजा भोपाल
22 वर्षों की अटूट परंपरा: सुंदर नगर छोला से 251 श्रद्धालु रवाना, भक्ति और उल्लास से गूंजा भोपाल
संतोष योगी की खबर 999 3268 143
भोपाल। राजधानी भोपाल के सुंदर नगर छोला क्षेत्र से मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए निकलने वाली पारंपरिक यात्रा ने इस वर्ष भी श्रद्धा, उत्साह और भक्ति का अद्भुत संगम प्रस्तुत किया। पिछले 22 वर्षों से निरंतर आयोजित हो रही इस धार्मिक यात्रा में इस बार 251 श्रद्धालु शामिल हुए।
भक्तिमय माहौल के बीच विशाल रैली के रूप में यात्रा का शुभारंभ सुंदर नगर छोला से हुआ। ढोल-नगाड़ों, डीजे, घोड़ा-बग्गी और जयकारों के साथ निकली यह शोभायात्रा क्षेत्र के विभिन्न मार्गों से भ्रमण करती हुई रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां से सभी श्रद्धालु मालवा एक्सप्रेस के माध्यम से मां वैष्णो देवी के पावन धाम के लिए रवाना हुए।
यात्रा से जुड़े आयोजकों देवेंद्र भैया, बृजेश तिवारी, चंचल प्रजापति और सुनील चौबे ने बताया कि यह यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि क्षेत्र की आस्था और एकजुटता का प्रतीक बन चुकी है। हर वर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु इसमें शामिल होकर मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए प्रस्थान करते हैं।
उन्होंने कहा कि 22 वर्षों से लगातार यह यात्रा बिना किसी व्यवधान के जारी है, जो क्षेत्रवासियों की अटूट श्रद्धा और मां के प्रति गहरी आस्था को दर्शाती है। यात्रा के दौरान भक्तों में विशेष उत्साह देखने को मिला और पूरे क्षेत्र में धार्मिक वातावरण बना रहा।
यह यात्रा न केवल श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक अनुभव का अवसर बनती है, बल्कि समाज में भाईचारे, सहयोग और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूत करती है।
