वैशाख पूर्णिमा पर रहटा कलां में भव्य भंडारा व रक्तदान शिविर संपन्न
वैशाख पूर्णिमा पर रहटा कलां में भव्य भंडारा व रक्तदान शिविर संपन्न
भोपाल हेडलाइंस | हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी | 7805953532
सिराली/रहटा कलां। वैशाख सुदी पूर्णिमा के पावन अवसर पर शुक्रवार, 1 मई 2026 को रहटा कलां स्थित श्री गुरु रघुसंत बाबा आश्रम में धार्मिक एवं सामाजिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन संपन्न हुआ। आश्रम परिवार एवं ग्रामवासियों के सहयोग से यहां विशाल भंडारा एवं रक्तदान शिविर आयोजित किया गया, जिसमें क्षेत्रभर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम की शुरुआत प्रातःकालीन पूजा-अर्चना से हुई। आश्रम परिसर में दिनभर भंडारे का आयोजन चलता रहा, जहां श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और समर्पण का वातावरण देखने को मिला।
सामाजिक सरोकार को ध्यान में रखते हुए आयोजित रक्तदान शिविर में ग्रामीणों और युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। शिविर सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक चला, जिसमें कुल 64 यूनिट रक्तदान किया गया। इसमें 24 महिलाएं एवं 40 पुरुष शामिल रहे। आयोजकों ने बताया कि रक्तदान महादान है और इससे जरूरतमंदों को जीवनदान मिलता है, इसलिए अधिक से अधिक लोगों को इस पुण्य कार्य से जुड़ना चाहिए।
आयोजन से जुड़े राजकुमार गुर्जर ने जानकारी दी कि आश्रम में हर वर्ष वैशाख पूर्णिमा पर भंडारे का आयोजन ग्रामवासियों द्वारा किया जाता है, जो वर्षों पुरानी परंपरा है। यहां अखंड ज्योत भी निरंतर प्रज्ज्वलित रहती है।
आश्रम समिति एवं सेवारत शालकू बाबा ने सभी श्रद्धालुओं, भक्तों एवं क्षेत्रवासियों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में सेवा, सहयोग और मानवता के मूल्यों को सुदृढ़ करते हैं।
रक्तदान शिविर में केशव शर्मा, सलोनी दुबे, पवन धनगर और जय सोनकर सहित कई युवाओं ने सक्रिय भूमिका निभाई। वहीं जिला ब्लड अधिकारी की देखरेख में शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
कार्यक्रम में ग्राम के संदीप पटेल, शैलेन्द्र संनखेरे राकेश आंजने जीवन सिंगबाने सहित समस्त ग्रामवासियों का सराहनीय योगदान रहा।
