भोपाल में होटलों पर वन विभाग का छापा, वन्यजीव मांस परोसने की सूचना पर सघन जांच

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल।वनपरिक्षेत्र अधिकारी (उड़नदस्ता) भोपाल एवं उनकी टीम द्वारा राजधानी के विभिन्न होटलों, रेस्टोरेंट और ढाबों पर दबिश देकर सर्चिंग अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई वन्यप्राणी के मांस परोसे जाने की सूचना के आधार पर की गई।

अभियान के दौरान पीर गेट स्थित अल अमान होटल, इकबाल मैदान स्थित हबीबी पैलेस तथा शहजानाबाद के मॉडल ग्राउंड क्षेत्र में स्थित खान साहब होटल के किचन एवं डीप फ्रीजर की जांच की गई। टीम ने वहां रखे मांस का निरीक्षण किया और होटल संचालकों से वन्यजीव शिकार से जुड़े मांस के विक्रय या परोसने के संबंध में पूछताछ की।

वन विभाग के इस सर्चिंग अभियान से शहर के होटल संचालकों में जागरूकता बढ़ी है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि वन्यप्राणी का शिकार करना, उसका मांस बेचना या होटल में पका कर परोसना गैर-जमानती अपराध की श्रेणी में आता है और दोषी पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई डीएफओ भोपाल एवं वनमंडलाधिकारी के निर्देशन में गठित टीम द्वारा की गई, जिसमें उड़नदस्ता और वन विभाग के अन्य अधिकारियों का सहयोग रहा।