*वेतन भुगतान में देरी पर कर्मचारियों की चेतावनी, 6 मई को काम बंद का ऐलान*

*भोपाल में अखिल भारतीय सफाई मज़दूर ट्रेड यूनियन 7262 ने नगर निगम प्रशासन को चेतावनी देते हुए कहा है कि समय पर वेतन भुगतान नहीं होने पर 6 मई को कर्मचारी काम बंद कर विरोध प्रदर्शन करेंगे*

 

संतोष योगी की खबर 9993268143

 

भोपाल, 4 मई। अखिल भारतीय सफाई मज़दूर ट्रेड यूनियन 7262 की भोपाल ज़िला शाखा ने नगर निगम प्रशासन के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए वेतन भुगतान में देरी पर आंदोलन की चेतावनी दी है। यूनियन ने बताया कि 22 अप्रैल 2026 को ही प्रशासन को स्पष्ट रूप से अवगत करा दिया गया था कि प्रत्येक माह की 1 से 5 तारीख के भीतर कर्मचारियों का वेतन हर हाल में दिया जाए।

 

यूनियन के अनुसार, यदि इसके बावजूद भी कर्मचारियों के वेतन का समय पर भुगतान नहीं किया जाता है, तो पूर्व घोषित निर्णय के तहत 6 मई 2026, बुधवार को नगर निगम भोपाल के सभी कर्मचारी कार्यस्थल पर उपस्थित होकर पूर्ण रूप से काम बंद कर विरोध दर्ज कराएंगे।

 

यूनियन ने अपने बयान में कहा कि कर्मचारियों का वेतन कोई उपकार नहीं, बल्कि उनका वैधानिक अधिकार है और इस अधिकार का हनन किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

 

साथ ही यह भी स्पष्ट किया गया कि यदि हड़ताल की स्थिति बनती है और शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित होती है, तो उसकी पूरी जिम्मेदारी नगर निगम प्रशासन की होगी।