गौमाता, संतों और मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भोपाल में संतों का एकदिवसीय धरना
गौमाता, संतों और मंदिरों की सुरक्षा को लेकर भोपाल में संतों का एकदिवसीय धरना
संवाददाता: संतोष योगी | मो.: 9993268143
भोपाल। गौमाता, संत-महंत, महामंडलेश्वरों, मठ-मंदिरों एवं पुजारियों की सुरक्षा की मांग को लेकर संत समाज ने भोपाल में एक दिवसीय धरना आयोजित करने की घोषणा की है। राष्ट्रीय संत सुरक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगद्गुरु आचार्य देवमुरारी बापू के नेतृत्व में आयोजित होने वाले इस धरने में विभिन्न संत संगठनों के पदाधिकारी और संत-महंत शामिल होंगे।
जारी प्रेस नोट के अनुसार, 23 जून 2026 को भोपाल में संत समितियों द्वारा आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मुलाकात का समय मांगते हुए गौमाता, संत-महंत, मठ-मंदिरों एवं पुजारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई थी। इसके बाद 24 जून 2026 को मुख्यमंत्री निवास पर ज्ञापन भी सौंपा गया, लेकिन संत समाज का आरोप है कि अब तक न तो मुलाकात का समय दिया गया और न ही सरकार की ओर से कोई प्रतिनिधि चर्चा के लिए पहुंचा।
संतों का कहना है कि लगातार अनदेखी किए जाने से संत समाज में नाराजगी है, जिसके चलते उन्हें धरना देने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
प्रेस नोट के अनुसार, धरने में राष्ट्रीय संत सुरक्षा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगद्गुरु आचार्य देवमुरारी बापू, आर्यावर्त षट् दर्शन संत समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष महामंडलेश्वर महंत रामभूषण दास सहित विभिन्न अखाड़ों एवं संत संगठनों के संत-महंत शामिल होंगे।
इसके अलावा 5 जुलाई 2026 को संत सभा का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रदेश एवं राष्ट्रीय पदाधिकारी, ब्राह्मण समाज के पुजारी तथा समाजसेवी भाग लेंगे। सभा में गौ संरक्षण, संत सुरक्षा और मंदिरों से जुड़े मुद्दों पर आगे की रणनीति तय किए जाने की संभावना है।
संत समाज ने प्रदेश सरकार से मांग की है कि गौमाता, संत-महंत, मठ-मंदिरों और पुजारियों की सुरक्षा के लिए प्रभावी एवं ठोस कदम उठाए जाएं तथा उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए।
