शत-प्रतिशत मूंग खरीदी की मांग को लेकर भारतीय किसान संघ का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

 

भोपाल हेडलाइंस

हरदा जिला ब्यूरो चीफ: संजय योगी

मो.: 7805953532

हरदा। भारतीय किसान संघ जिला हरदा के तत्वावधान में समर्थन मूल्य पर मूंग की शत-प्रतिशत खरीदी की मांग को लेकर कृषि उपज मंडी हरदा में अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू हो गया। किसान संघ का कहना है कि शासन द्वारा निर्धारित खरीदी सीमा बढ़ाई जाए और सभी पात्र किसानों की पूरी मूंग समर्थन मूल्य पर खरीदी जाए।

धरना स्थल पर आयोजित सभा में वक्ताओं ने राज्य सरकार से किसानों की मांगों पर शीघ्र निर्णय लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं की अनदेखी उचित नहीं है और समय रहते समाधान किया जाना चाहिए। किसान संघ ने स्पष्ट किया कि मांग पूरी होने तक आंदोलन जारी रहेगा।

संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि यह धरना दिन-रात लगातार चलेगा तथा भोजन की व्यवस्था भी धरना स्थल पर ही की गई है। जिले की सभी छह तहसीलों के किसान क्रमवार आंदोलन में भाग लेंगे। शनिवार सुबह 11 बजे से हरदा तहसील के किसान धरना-प्रदर्शन में शामिल हुए 

धरना-प्रदर्शन में प्रदेश मंत्री योगेंद्र भांभू, प्रांत मंत्री शैतान सिंह राजपूत, संभाग अध्यक्ष विनोद पाटिल, हरिशंकर सारण, आनंदराम किरार, रामकृष्ण मुकाती, विष्णु गौर, राजेंद्र बांके, दीपचंद नवाद, लोकेश गौर, हरिओम गौर सहित सभी तहसीलों के अध्यक्ष, मंत्री एवं सैकड़ों किसान उपस्थित रहे।