पिपलानी रामलीला में श्रवण प्रसंग और नारद मोह का हुआ भावपूर्ण मंचन विविध कला विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में कलाकारों ने जीवंत किया श्रीरामचरितमानस का प्रसंग
पिपलानी रामलीला में श्रवण प्रसंग और नारद मोह का हुआ भावपूर्ण मंचन
विविध कला विकास समिति के तत्वावधान में आयोजित रामलीला में कलाकारों ने जीवंत किया श्रीरामचरितमानस का प्रसंग
संतोष योगी की खबर 999 3268 143
भोपाल। विविध कला विकास समिति रामलीला पिपलानी के तत्वावधान में आज रामलीला मंचन के दौरान श्रीरामचरितमानस के बालकाण्ड से जुड़े महत्वपूर्ण प्रसंगों ‘श्रवण प्रसंग’ और ‘नारद मोह’ का भावपूर्ण मंचन किया गया। कलाकारों ने अपने सशक्त अभिनय के माध्यम से दर्शकों के सामने इन धार्मिक प्रसंगों को जीवंत किया। दोनों प्रसंगों में मानवीय जीवन के लिए महत्वपूर्ण सीख, अहंकार, मोह और नियति के प्रभाव को दर्शाया गया।
रामलीला मीडिया प्रवक्ता अतुल मालवीय ने बताया कि श्रवण प्रसंग रामायण की महत्वपूर्ण घटनाओं में से एक है। इसी घटना के कारण राजा दशरथ को श्राप मिला था, जिसका प्रभाव आगे चलकर रामायण की घटनाओं में देखने को मिलता है।
वहीं, नारद मोह प्रसंग में दिखाया गया कि एक बार देवर्षि नारद हिमालय पर जाकर गंभीर तपस्या करने लगे। उनकी तपस्या इतनी प्रबल थी कि देवराज इंद्र का सिंहासन डोलने लगा। इससे चिंतित होकर इंद्र ने कामदेव को नारद मुनि की तपस्या भंग करने के लिए भेजा, लेकिन कामदेव इसमें सफल नहीं हो सके। नारद मुनि ने काम पर विजय प्राप्त की। इस प्रसंग के माध्यम से आगे चलकर अहंकार और मोह के प्रभाव को दर्शाया गया।
मुख्य अतिथियों का किया स्वागत
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में धर्मेन्द्र सिंह, महाप्रबंधक (मटेरियल मैनेजमेंट), दिलीप कटियार, महाप्रबंधक (लॉजिस्टिक मैनेजमेंट) तथा सहायक कमांडेंट श्री गौतम उपस्थित रहे। समिति के महासचिव आर.एस. अरोरा एवं वरिष्ठ उपाध्यक्ष शिव प्रसाद साहू ने मुख्य अतिथियों का स्वागत किया।
कलाकारों ने निभाईं प्रमुख भूमिकाएं
रामलीला के दौरान श्रवण की भूमिका राहुल करण, श्रवण की माता की भूमिका जगदीश गुप्ता, श्रवण के पिता की भूमिका लक्ष्मण पाटिल तथा राजा दशरथ की भूमिका शिव प्रसाद साहू ने निभाई।
इसी प्रकार नारद की भूमिका प्रभात मेहरा, इंद्र की भूमिका गौरव पाटिल, इंद्र के मंत्री की भूमिका क्रिस परिहार, विष्णु की भूमिका लोकेश मौर्य, शिव की भूमिका कबीर यादव, कामदेव की भूमिका अक्षय, योगमाया की भूमिका आनंदिता सोनी तथा शील की भूमिका निधि हेमंत शिंदे ने निभाई।
कलाकारों के अभिनय के माध्यम से धार्मिक और आध्यात्मिक संदेशों को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया गया। राम
लीला के इन प्रसंगों ने दर्शकों को श्रीरामचरितमानस की शिक्षाओं और जीवन में सदाचार के महत्व से परिचित कराया।
