भोपाल में 15वीं राज्य स्तरीय पैरा गेम्स 2025 का भव्य आयोजन

भोपाल हेडलाइंस 

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल। मध्यप्रदेश पैरा स्पोर्ट्स एसोसिएशन द्वारा 15वीं राज्य स्तरीय पैरा गेम्स 2025 का आयोजन 23 से 26 अगस्त तक राजधानी भोपाल के टी.टी. नगर स्टेडियम में किया जा रहा है। इसकी जानकारी एसोसिएशन के कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. विवेक सिंह परिहार ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।

उन्होंने बताया कि खेलों का उद्घाटन समारोह 23 अगस्त 2025 को सुबह 10 बजे होगा। इस अवसर पर प्रदेशभर से आए पैरा एथलीट्स अपनी प्रतिभा, जज्बे और लगन का प्रदर्शन करेंगे।

डॉ. परिहार ने कहा कि इन खेलों का उद्देश्य विशेष रूप से सक्षम खिलाड़ियों को एक सशक्त मंच प्रदान करना और खेलों में समावेशिता को बढ़ावा देना है। इस आयोजन से न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा, बल्कि समाज में सकारात्मक संदेश भी जाएगा कि खेल हर किसी के लिए हैं।

टी.टी. नगर स्टेडियम में चार दिनों तक चलने वाले इस आयोजन में एथलेटिक्स, पैरा बैडमिंटन सहित विभिन्न खेलों की प्रतियोगिताएं होंगी। आयोजन समिति ने सभी खिलाड़ियों और दर्शकों से अपील की है कि वे इस महोत्सव में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाएं।