यज्ञ सम्राट स्वामी डॉ. आशुतोष ब्रह्मचारी ने दिया गौ महाकुंभ व रुद्र महायज्ञ का आमंत्रण, 13 जनवरी को निकलेगी विराट भगवा यात्रा

 

संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

बरमान (नरसिंहपुर)।

मां अंजनी अखाड़ा प्रमुख महामंडलेश्वर पूज्य साध्वी श्यामा दीदी जी के पावन संयोजन में रेता घाट बरमान, जिला नरसिंहपुर (मध्य प्रदेश) में आगामी 14 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक आयोजित होने जा रहे गौ महाकुंभ एवं श्री श्री 108 कुंडीय रुद्र महायज्ञ को लेकर तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं।

इसी क्रम में यज्ञ सम्राट संत महामंडल प्रमुख स्वामी डॉ. आशुतोष ब्रह्मचारी जी ने विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के वरिष्ठ पदाधिकारियों को विधिवत आमंत्रण पत्र प्रदान कर यज्ञ एवं गौ महाकुंभ में सहभागिता का आग्रह किया। यह आयोजन हिंदू जागरण एवं गौ संस्कृति के संरक्षण के उद्देश्य से किया जा रहा है।

आयोजन की पूर्व संध्या पर 13 जनवरी 2026 को करेली से बरमान तक एक विराट भगवा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। यह यात्रा मोटरसाइकिल रैली के रूप में करेली से प्रारंभ होकर करेली एवं बरमान के मुख्य मार्गों से होते हुए रेता घाट बरमान पहुंचेगी। यात्रा में दुर्गा वाहिनी, बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद एवं सकल हिंदू समाज के प्रबुद्ध वर्ग के युवाओं के साथ साधु-संतों की अगुवाई में भगवा ध्वज-पताका फहराते हुए रामधुन के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी।

गौ महाकुंभ के दौरान गौ संस्कृति से जुड़े अनेक कार्यक्रम आयोजित होंगे, जिनमें गौ लीलाएं, जैविक कृषि, पंचगव्य औषधियों का निर्माण, गौ आधारित चिकित्सा आदि विषयों पर विशेष प्रकाश डाला जाएगा। साथ ही गौ माता के घी से 108 कुंडों में आहुतियां दी जाएंगी।

इस अवसर पर विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के कई प्रमुख पदाधिकारी उपस्थित रहे, जिनमें जिला मंत्री रामकुमार लोधी, जिला संगठन मंत्री अनुभव प्रताप सिंह, जिला धर्माचार्य संपर्क प्रमुख वीरेंद्र सोनी, जिला विद्यार्थी प्रमुख पवन सोलंकी, प्रखंड अध्यक्ष कैलाश पटेल, प्रखंड उपाध्यक्ष मनोज नामदेव सहित नितेश मिश्रा आदि प्रमुख रूप से शामिल रहे। उनके साथ स्वामी डॉ. आशुतोष ब्रह्मचारी जी सहित अन्य साधु-संतों की गरिमामयी उपस्थिति रही।

स्वामी डॉ. आशुतोष ब्रह्मचारी जी ने बजरंग दल, विश्व हिंदू परिषद एवं सभी हिंदूवादी संगठनों के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में यज्ञ, गौ महाकुंभ एवं भगवा यात्रा में सहभागी बनकर धर्म, संस्कृति एवं गौ संरक्षण के इस महाअभियान को सफल बनाएं।