भोपाल के मंशापूर्ण नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा संपन्न

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर बंगरसिया स्थित मंशापूर्ण नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में शिव परिवार—माता पार्वती, श्रीगणेश एवं भगवान कार्तिकेय—की पूर्ण विधि-विधान के साथ प्राण प्रतिष्ठा संपन्न हुई। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और हजारों भक्तों ने दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया।

24 घंटे में मनोकामना पूर्ण होने की मान्यता

मंदिर की मान्यता है कि यहां सच्चे मन से की गई प्रार्थना एक से सात दिवस में पूर्ण होती है। क्षेत्रवासी भगवान नर्मदेश्वर महादेव को “24 घंटे में मनोकामना पूर्ण करने वाले महादेव” के रूप में श्रद्धा से स्मरण करते हैं। इसी आस्था के कारण मंदिर का नाम मंशापूर्ण नर्मदेश्वर महादेव पड़ा।

एक वर्ष में पूर्ण हुआ चमत्कारिक मंदिर निर्माण

मंदिर समिति के अनुसार इस मंदिर का निर्माण कार्य 22 जनवरी 2024 को आरंभ हुआ था। पिछली महाशिवरात्रि पर नर्मदेश्वर महादेव की विधिवत स्थापना की गई थी और इस वर्ष महादेव के संपूर्ण परिवार की स्थापना के साथ मंदिर पूर्ण स्वरूप में भक्तों को समर्पित किया गया।

समिति अध्यक्ष हेमंत शिखर ने बताया कि एक वर्ष में मंदिर का पूर्ण होना अपने आप में चमत्कारिक है, जिसमें कैपिटल ग्रीन कॉलोनी एवं बंगरसिया क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग रहा।

महाशिवरात्रि पर विशाल भंडारे का आयोजन

महाशिवरात्रि के महापर्व पर मंदिर परिसर में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। श्रद्धालुओं के लिए फलाहार एवं भोजन की विशेष व्यवस्था की गई, जिसमें हजारों भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। सुबह से ही शिवभक्तों की लंबी कतारें दर्शन के लिए लगी रहीं और पूरा परिसर “हर हर महादेव” के जयघोष से गुंजायमान रहा।

मंदिर समिति का वक्तव्य

मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत शिखर, अध्यक्ष – कैपिटल ग्रीन उत्सव समिति, ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व कैपिटल ग्रीन वासियों के लिए सदैव विशेष महत्व रखता है। विगत वर्ष महादेव की स्थापना हुई थी और इस वर्ष शिव परिवार की प्राण प्रतिष्ठा के साथ मंदिर पूर्ण हुआ है। उन्होंने कामना की कि महादेव की कृपा समस्त भक्तों पर बनी रहे।

मंदिर कोषाध्यक्ष दुर्गेश दुबे ने बताया कि मंदिर में जो भी भक्त पूर्ण श्रद्धा और भक्ति भाव से अपनी मनोकामना लेकर आता है, उसकी इच्छा शीघ्र पूर्ण होती है। यही कारण है कि दूर-दूर से श्रद्धालु यहां दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।

गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति

कार्यक्रम में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ), रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) तथा मध्य प्रदेश शासन के अधिकारियों सहित रापड़िया, दीपड़ी, बंगरसिया एवं भोजपुर क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

महाशिवरात्रि के इस ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित प्राण प्रतिष्ठा एवं भंडारा कार्यक्रम ने क्षेत्र में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश दिया।