भगवान नरसिंह (खाकरा वाले बाबा) की हुई स्थापना, यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
भगवान नरसिंह (खाकरा वाले बाबा) की हुई स्थापना, यज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा संपन्न
भोपाल हेडलाइंस | रहटगांव से संवाददाता राहुल पवार योगी | मो. 9770763164
रहटगांव। क्षेत्र के प्रसिद्ध देव स्थल (खाकरा वाले बाबा) पर भगवान श्री नरसिंह, माता दुर्गा एवं भगवान शिव की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव धूमधाम एवं श्रद्धा के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए।
वर्मा (लिबर्टी) परिवार एवं समस्त क्षेत्रवासियों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक आयोजन में सुबह विधि-विधान से यज्ञ अनुष्ठान प्रारंभ हुआ। इसके पश्चात भगवान नरसिंह, माता दुर्गा और शिवजी की प्रतिमाओं की नगर भ्रमण के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
शोभायात्रा का शुभारंभ धनगांव स्थित (खाकरा वाले बाबा) मंदिर से हुआ, जो रहटगांव के प्रमुख मार्गों एवं प्राचीन मंदिरों से होते हुए नजरपुरा पहुंची। मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं एवं ग्रामीणों द्वारा पुष्प वर्षा कर शोभायात्रा का भव्य स्वागत किया गया।
नगरवासियों ने प्रतिमाओं का विधिवत पूजन-अर्चन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। पूरे आयोजन के दौरान भक्ति गीतों, ढोल-नगाड़ों और जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
कार्यक्रम के अंत में महाप्रसादी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह एवं श्रद्धा का माहौल देखा गया।
