प्रस्फुटन समितियों का क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण प्रारंभ

भोपाल हेडलाइंस | संवाददाता संजय योगी की खबर 7805953532

विकासखंड खिरकिया के अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों के लिए क्षमता वृद्धि प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। यह प्रशिक्षण सेक्टर सिराली-05 की नवांकुर संस्था नव ज्योति समाज सेवा समिति द्वारा आयोजित किया जा रहा है।

मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद ने सृजनात्मक और सकारात्मक सोच के साथ सहभागिता के माध्यम से संतुलित समाज के निर्माण की अभिकल्पना की है। परिषद का मानना है कि किसी भी गांव या नगर का समग्र विकास तब तक संभव नहीं है जब तक स्थानीय स्तर पर विकास के लिए कार्य करने वाले लोग सक्रिय न हों। इसी उद्देश्य से परिषद द्वारा ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों का गठन किया गया है।

इसी क्रम में विकासखंड खिरकिया के अंतर्गत ग्राम पंचायत भवन भगवानपुरा में सेक्टर की प्रस्फुटन समितियों के सदस्यों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समिति सदस्यों में नेतृत्व विकास, संगठन क्षमता और कार्यकुशलता को बढ़ाना है।

कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक विनीता शाह ने मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद की संरचना, प्रस्फुटन समितियों की भूमिका और उनके उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने समिति सदस्यों से गांवों में जागरूकता अभियान चलाने, शासन की योजनाओं की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने तथा वर्तमान समय में नरवाई न जलाने के अभियान को प्रभावी रूप से लागू करने पर जोर दिया।

नवांकुर संस्था के प्रभारी सुनील मंडराई एवं राजेश ने समितियों के दस्तावेजीकरण, एनजीओ पंजीयन, प्रबंधन तथा नेतृत्व विकास से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। साथ ही रजिस्टर, बैठक पंजी और कैश बुक के रख-रखाव के संबंध में भी समिति सदस्यों को प्रशिक्षण दिया गया।

कार्यक्रम में मेंटर्स अंजना श्रीवास्तव और मुकेश कुम्हारे ने शिक्षा, स्वास्थ्य, जल संरक्षण तथा नशा मुक्ति जैसे सामाजिक विषयों पर कार्य करने के लिए समिति सदस्यों को प्रेरित किया।

इस अवसर पर प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी अमर, मनोहर, संजय, अशोक, त्रिलोक, धीरज सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में नवांकुर सखियों एवं सभी पदाधिकारियों को सम्मान पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।