25 फरवरी को देशव्यापी आंदोलन करेगा अखिल भारतीय मजदूर संघ

 

 

संतोष योगी की खबर 99932 68143

 

 

भोपाल। अखिल भारतीय मजदूर संघ द्वारा 25 फरवरी को जिला स्तरीय राष्ट्रव्यापी आंदोलन आयोजित किया जाएगा। यह निर्णय 6 से 8 फरवरी 2026 को जगन्नाथ पुरी में आयोजित 21वें त्रिवार्षिक अधिवेशन में पारित प्रस्तावों एवं सुझावों के क्रियान्वयन के संबंध में लिया गया है।

इसी क्रम में विद्युत क्षेत्र के अखिल भारतीय संगठन अखिल भारतीय विद्युत मजदूर महासंघ (ABVMMS) की कार्यकारिणी समिति की महत्वपूर्ण बैठक ऑनलाइन माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें 25 फरवरी को होने वाले आंदोलन की रणनीति तय की गई। बैठक में देशभर के राज्य विद्युत महामंत्री, पदाधिकारी एवं कार्यकारिणी सदस्य उपस्थित रहे।

बैठक की अध्यक्षता संगठन के अध्यक्ष मधुसूदन जोशी ने की। भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रीय मंत्री एवं महासंघ के अखिल भारतीय प्रभारी राधेश्याम जसवाल ने मार्गदर्शन प्रदान किया, जबकि महासंघ के महामंत्री डी. राजामुरुगन ने बैठक का संचालन किया।

महामंत्री ने बताया कि 25 फरवरी को प्रस्तावित अखिल भारतीय जिला स्तरीय आंदोलन की तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई तथा सभी राज्यों से व्यापक भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया। संगठन को जिला स्तर तक सशक्त बनाने पर विशेष जोर दिया गया।

बैठक में राष्ट्रीय विद्युत नीति–2026 के संदर्भ में संगठन द्वारा दिए जाने वाले सुझावों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विद्युत क्षेत्र के कर्मचारियों के हितों की प्रभावी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए नीति-निर्माताओं तक संगठन की बात मजबूती से पहुंचाने की रणनीति बनाई गई।

नवीन श्रम संहिताओं के अंतर्गत सदस्यता विस्तार पर विशेष बल देते हुए बताया गया कि न्यूनतम 20 प्रतिशत सदस्यता आवश्यक है, जबकि प्रभावी वार्ता के लिए 51 प्रतिशत सदस्यता अनिवार्य होगी। सभी राज्यों को सदस्यता अभियान तेज करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में विभिन्न राज्यों के पदाधिकारियों ने विद्युत क्षेत्र में बढ़ते निजीकरण, सेवा-सुरक्षा एवं श्रमिक कल्याण से जुड़े मुद्दों पर चिंता व्यक्त की तथा संगठनात्मक संघर्ष को तेज करने की आवश्यकता बताई।

अध्यक्ष मधुसूदन जोशी ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकारों तक कर्मचारियों की आवाज प्रभावी ढंग से पहुंचाने के लिए संगठनात्मक मजबूती, सदस्यता विस्तार और सक्रिय आंदोलन जरूरी हैं। सार्वजनिक क्षेत्र उपक्रमों में स्थायी रोजगार की केंद्रीय मांग को प्राथमिकता से उठाने का निर्णय दोहराया गया।

राधेश्याम जसवाल ने भारतीय मजदूर संघ के राष्ट्रव्यापी आंदोलन के साथ महासंघ की मांगों को जोड़कर राष्ट्रीय स्तर पर उठाने की बात कही और संगठन विस्तार पर विशेष बल दिया।

मीडिया प्रभारी रमेश नागर ने बताया कि बैठक का समापन इस संकल्प के साथ हुआ कि सदस्यता विस्तार, संगठन सुदृढ़ीकरण एवं 25 फरवरी के राष्ट्रव्यापी आंदोलन में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कर विद्युत क्षेत्र के कर्मचारियों के हितों की प्रभावी रक्षा की जाएगी।