अम्मार उर रहमान ने स्टेट राइफल शूटिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड पर साधा निशाना
अम्मार उर रहमान ने स्टेट राइफल शूटिंग चैम्पियनशिप में गोल्ड पर साधा निशाना
*भोपाल हेडलाइंस*
*संतोष योगी की खबर 9993268143*
भोपाल। मध्यप्रदेश की धरती पर खेल प्रतिभाओं का जलवा लगातार देखने को मिल रहा है। इसी कड़ी में भोपाल के कैम्पियन स्कूल, अरेरा कॉलोनी के कक्षा ग्यारहवीं में अध्ययनरत छात्र अम्मार उर रहमान ने अपनी शानदार निशानेबाजी से सबका दिल जीत लिया है।
उन्होंने हाल ही में जबलपुर में आयोजित मध्यप्रदेश स्टेट एयर वेपन गन फॉर ग्लोरी प्रतियोगिता 2025 में भाग लेकर सब जूनियर वर्ग की ओपन साइट 10 मीटर राइफल शूटिंग इवेंट में गोल्ड मेडल अपने नाम किया। इस जीत के साथ अम्मार ने प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल कर न केवल अपने स्कूल बल्कि पूरे प्रदेश का नाम रोशन किया।
यह प्रतियोगिता मध्यप्रदेश स्टेट राइफल एसोसिएशन द्वारा आयोजित की गई थी, जिसमें प्रदेशभर के विभिन्न आयु वर्गों के करीब 1000 खिलाड़ियों ने भाग लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अम्मार ने अपने सटीक निशाने से स्वर्ण पदक और सर्टिफिकेट ऑफ मेरिट अर्जित किया।
उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर कैम्पियन स्कूल परिवार में हर्ष की लहर दौड़ गई। प्राचार्य डॉ. फादर अथनस लकड़ा एस.जे., उप-प्राचार्य मनोज मिंज एस.जे., शारीरिक शिक्षा विभाग के एचओडी श्री जोंसी कोशी एवं संजय मिश्रा ने अम्मार को इस स्वर्णिम सफलता के लिए हार्दिक बधाई दी और उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ प्रेषित कीं।
सभी ने विश्वास जताया कि अम्मार आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपने हुनर का लोहा मनवाएँगे।
