गणेश चतुर्थी पर वृद्धजनों के बीच जागरूकता अभियान आयोजित

 

भोपाल हैडलाइंस संतोष योगी की खबर

 

 

भोपाल। गणेश चतुर्थी के अवसर पर जन सेवा फाउंडेशन राष्ट्रीय सामाजिक रक्षा संस्थान, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आसरा वृद्ध आश्रम में विशेष जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

 

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डॉ. पंडित विष्णु राजोरिया (अध्यक्ष, परशुराम कल्याण बोर्ड) एवं विशेष अतिथि पं. राकेश चतुर्वेदी (सदगुरुदेव दादा की खुशहाली वृद्ध आश्रम), डॉ. श्रीकांत अवस्थी (राष्ट्रीय सचिव, मानवाधिकार सुरक्षा संरक्षण संगठन), वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील उपाध्याय एवं ट्रेनिंग कोऑर्डिनेटर डॉ. राहुल देशमुख प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

 

अपने उद्बोधन में डॉ. विष्णु राजोरिया ने कहा कि “गणपति जी ने माता-पिता की सेवा कर आदर्श प्रस्तुत किया है, उसी भाव को लेकर हमें भी वृद्धजनों के सुख-दुख में सहभागी बनना चाहिए।” उन्होंने ऐसे आयोजनों को समाज की आवश्यकता बताया।

 

डॉ. श्रीकांत अवस्थी ने सभी को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा दी। वरिष्ठ अधिवक्ता सुनील उपाध्याय ने MWPSC Act 2007 के अंतर्गत वृद्धजनों को मिले अधिकारों की विस्तृत जानकारी दी।

 

पं. राकेश चतुर्वेदी ने कहा कि “परिवार में सामंजस्य बनाए रखना ही असली सेवा है। यदि परिवारिक समझ और संवाद मजबूत होंगे तो वृद्धजनों को आश्रम की आवश्यकता ही नहीं पड़ेगी।”

 

कार्यक्रम में डॉ. राहुल देशमुख ने सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी देते हुए उपस्थितजनों को जागरूक किया।

 

अंत में राजीव गुलाटी ने आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के आयोजन वृद्धजनों को सम्मान और आत्मबल प्रदान करते हैं।