बांस उत्पादो में फिनिशिंग और मार्केटिंग पर दिया जाएगा विशेष जोर, कलेक्टर
बांस उत्पादों में फिनिशिंग और मार्केटिंग पर दिया जाएगा विशेष जोर : कलेक्टर
भोपाल संतोष योगी की खबर 9993268143
- छिदगांव में "टिमरनी बांस मेला एवं प्रदर्शनी का कलेक्टर ने किया शुभारंभ"
- सर्च एंड रिसर्च डेवलेपमेंट सोसायटी ने किया मेले का आयोजन
- बांस कारीगर और समूह की महिलाओं ने प्रदर्शित किए अपने उत्पाद
- छिदगांव में बने बैंबू टेक्नोलॉजी सेंटर का कलेक्टर ने किया भ्रमण, ज्यादा मशीनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर दिया जोर
- हरदा में बैंबू इंडस्ट्री क्लस्टर विकसित होने की असीम संभावनाएं
छिदगांव (हरदा)। टिमरनी तहसील के ग्राम छिदगांव मेल में गुरुवार को "टिमरनी बांस मेला एवं प्रदर्शनी" का आयोजन किया गया, जिसका शुभारंभ हरदा कलेक्टर श्री सिद्धार्थ जैन ने किया। कार्यक्रम का आयोजन सर्च एंड रिसर्च डेवलेपमेंट सोसायटी द्वारा किया गया।
इस अवसर पर कलेक्टर श्री जैन ने कहा कि बांस उत्पादों की फिनिशिंग और मार्केटिंग को सशक्त बनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि डिजिटल और ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से बांस उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध कराया जा सकता है। उन्होंने बैंबू टेक्नोलॉजी सेंटर का भ्रमण कर वहां उपलब्ध मशीनों और संसाधनों की जानकारी ली तथा अधिक से अधिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग पर बल दिया।
श्री जैन ने स्थानीय कारीगरों और स्व-सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित बांस उत्पादों की सराहना की और कहा कि ग्रामीण कारीगरों को आधुनिक तकनीक से जोड़ना होगा ताकि उत्पादों की गुणवत्ता और उत्पादन क्षमता में वृद्धि हो सके। उन्होंने इस आयोजन के लिए सोसायटी की अध्यक्ष डॉ. मोनिका जैन एवं सचिव डॉ. अनिल सिरवैया की सराहना की और कहा कि इस प्रकार के आयोजन कारीगरों को एक्सपोजर देने के साथ ही उनके लिए नवीन संभावनाओं के द्वार खोलते हैं।
ग्राम पंचायत छिदगांव मेल के सरपंच श्री प्रताप सिंह राजपूत ने कहा कि इस आयोजन से ग्रामवासियों को आजीविका और स्वरोजगार के नए अवसर मिलेंगे। ग्राम पंचायत संस्था की इस पहल में पूर्ण सहयोगी रहेगी।
डॉ. मोनिका जैन ने जानकारी दी कि भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के सहयोग से यह बैंबू टेक्नोलॉजी सेंटर स्थापित किया गया है, जो कॉमन फैसिलिटी सेंटर के रूप में काम करेगा।
संस्था के सचिव एवं DICCI के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल सिरवैया ने बताया कि हरदा जिले में बांस उद्योग के लिए अपार संभावनाएं हैं। संस्था जिले में बैंबू इंडस्ट्रियल क्लस्टर विकसित करने पर कार्य कर रही है, जिसमें अगरबत्ती, धूपबत्ती, फर्नीचर एवं अन्य बांस उत्पादों की निर्माण इकाइयाँ स्थापित की जाएंगी। इससे निवेश और रोजगार दोनों को बढ़ावा मिलेगा।
कार्यक्रम में उत्कृष्ट बांस कारीगरों को सम्मानित भी किया गया। इस अवसर पर सेवानिवृत्त तहसीलदार श्री लक्ष्मीनारायण बछोतिया, सेंटर प्रभारी श्री अर्पित बछोतिया, डॉ. राजीव जैन, आजीविका मिशन से श्री अभिजीत मिश्रा व श्री राधेश्याम जाट, वन विभाग से श्री दिनेश जी, सोसाइटी से मदन लाल खटीक, रेणु जैन, मणि जैन, सागर मसानी तथा बड़ी संख्या में स्थानीय किसान, कारीगर एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन अर्पित बिछोतिया ने किया। आए हुए अतिथियों का आभार व्यक्त डा.राजीव जैन ने किया।
