भोपाल हैडलाइन सिराली संवाददाता जिला ब्यूरो संजय योगी की खबर 

 

सिराली-खंडवा मार्ग पर जानलेवा गड्ढे, दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ा

 

सिराली/सिराली तहसील से चारुवा होते हुए खंडवा को जोड़ने वाले मुख्य मार्ग की हालत बदतर होती जा रही है। रामपुरा और लोलांगरा के बीच सीमेंटेड रोड पर स्थित पुलिया पर बड़े-बड़े गड्ढे बन गए हैं, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों की संख्या में छोटे और बड़े वाहन, स्कूल के टेंपो, ऑटो और अन्य निजी वाहन गुजरते हैं। खासकर स्कूली बच्चों के वाहन लगातार इस मार्ग से आवाजाही करते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका और अधिक गंभीर हो जाती है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कई बाइक सवार पहले ही इन गड्ढों की वजह से चोटिल हो चुके हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी और विभागीय अमला चुप्पी साधे बैठा है। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि इस पुलिया की मरम्मत तत्काल करवाई जाए, अन्यथा आने वाले समय में कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है, जिसकी जिम्मेदारी संबंधित अधिकारियों की होगी।