राष्ट्रीय डेंगू दिवस पर दिलाई डेंगू नियंत्रण की शपथ

भोपाल हेडलाइंस हरदा जिला ब्यूरो चीफ संजय योगी की खबर 7805953532

हरदा / प्रतिवर्षानुसार इस वर्ष भी 16 मई को राष्ट्रीय डेंगू दिवस ‘डेंगू नियंत्रण के लिए जनभागीदारी, जाँच करें, सफाई करें और ढके’ थीम पर मनाया गया। इस अवसर पर जिला मुख्यालय सहित सभी स्वास्थ्य संस्थाओं पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एच.पी. सिंह ने कर्मचारियों व आमजन को डेंगू नियंत्रण की शपथ दिलाई। उन्होंने अपील की कि टंकियों, कूलरों व अन्य पात्रों में जमा पानी में हर तीन दिन में मच्छर के लार्वा की जाँच करें, सफाई करें और पानी को ढककर रखें। डॉ. सिंह ने कहा, ‘डेंगू फैलाने वाला एडीज मच्छर साफ व रुके हुए पानी में अंडे देता है। इसलिए घर व आस-पास पानी जमा न होने दें और निकासी की व्यवस्था करें। डेंगू नियंत्रण के लिए हम सभी की जागरूकता और सहभागिता जरूरी है।’ इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यशाला का आयोजन किया गया तथा सभी स्वास्थ्य संस्थाओं पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम हुए। ग्रामों में नारा लेखन, ऑटो से माइकिंग व पंपलेट वितरण कर लोगों को जागरूक किया गया।
*डेंगू के लक्षण और बचाव*
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सिंह ने बताया कि डेंगूू से संक्रमित होने के 4-7 दिन में तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशी-हड्डी-जोड़ों में दर्द, उल्टी, आंखों में दर्द, त्वचा पर लाल चकते, सांस लेने में कठिनाई, थकान, चिड़चिड़ापन जैसे लक्षण दिखाई देते है। बुखार आने पर तुरंत खून की जांच कराएं। जिला चिकित्सालय हरदा में डेंगू की जांच निःशुल्क उपलब्ध है। मच्छरदानी का उपयोग करें, खिड़की-दरवाजों पर जाली लगवाएं, पूरे शरीर को ढकने वाले कपड़े पहनें, कूलर का पानी सप्ताह में बदलें, पानी के बर्तन ढककर रखें, आस-पास पानी जमा न होने दें।