वन कर्मचारियों ने 25 फरवरी को भोपाल में एकजुट होने का किया आह्वान
वन कर्मचारियों ने 25 फरवरी को भोपाल में एकजुट होने का किया आह्वान
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल। वन विभाग के कर्मचारियों ने अपने सम्मान, सुरक्षा और अधिकारों को लेकर 25 फरवरी 2026 को एक दिवसीय अवकाश लेकर वन भवन, तुलसी नगर स्थित वन मुख्यालय में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया है। कर्मचारियों से अपील की गई है कि वे एकजुट होकर अपनी आवाज बुलंद करें और विभाग को स्पष्ट संदेश दें कि वन कर्मचारियों की सुरक्षा और सम्मान सर्वोच्च प्राथमिकता होना चाहिए।
आह्वान में कहा गया है कि विभागीय स्तर पर छोटे वन कर्मचारियों को कई प्रकार की चुनौतियों और शोषण का सामना करना पड़ रहा है। एक ओर वन माफिया द्वारा प्राणघातक हमलों की घटनाएं सामने आती रही हैं, वहीं दूसरी ओर कर्मचारियों का कहना है कि अपराधियों पर अपेक्षित सख्त कार्रवाई नहीं हो रही है। इससे कर्मचारियों में असुरक्षा और असंतोष का वातावरण है।
वन कर्मचारियों का कहना है कि उनकी मांगों और समस्याओं को सरकार तक प्रभावी ढंग से नहीं पहुंचाया गया है। ऐसे में यह आंदोलन उनके अधिकारों की प्राप्ति, कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
कर्मचारियों ने साथियों से अपील की है कि वे समय रहते अवकाश का आवेदन देकर 25 फरवरी को भोपाल पहुंचें और एकजुटता का परिचय दें।
अंत में कर्मचारियों ने “जय हिंद, जय भारत, जय वन कर्मचारी” के उद्घोष के साथ अपने आंदोलन को सफल बनाने का संकल्प दोहराया।
