मुक्तिधाम में निर्माण कार्य का निरीक्षण, गुणवत्ता पर दिया गया विशेष जोर

भोपाल हेडलाइंस | हरदा जिला ब्यूरो चीफ – संजय योगी 7805953532

सिराली/नगर के मुक्तिधाम परिसर में पेड़ी घाट निर्माण कार्य का निरीक्षण किया गया। पिछले कुछ दिनों से निर्माण कार्य की गुणवत्ता को लेकर नगर में चर्चा का विषय बना हुआ था। कुछ नागरिकों द्वारा घटिया निर्माण की आशंका व्यक्त किए जाने पर जागरूक नागरिक मौके पर पहुंचे और अध्यक्ष, उपाध्यक्ष व पार्षदगण को भी स्थल पर बुलाया गया।

अध्यक्ष, उपाध्यक्ष एवं पीआईसी के पार्षदगण ने उपस्थित नागरिकों को निर्माण कार्य की विस्तृत जानकारी दी और अब तक की प्रगति से अवगत कराया। साथ ही संबंधित इंजीनियर से दूरभाष पर चर्चा कर स्पष्ट निर्देश दिए गए कि निर्माण कार्य पूर्ण गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार ही किया जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनप्रतिनिधियों ने कहा कि नगर परिषद की प्राथमिकता है कि मुक्तिधाम जैसे आस्था एवं संवेदनशील स्थल पर निर्माण कार्य पूर्ण पारदर्शिता, मजबूती और गुणवत्ता के साथ हो। उन्होंने जागरूक नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि नगर विकास में जनता का सहयोग और सुझाव अत्यंत महत्वपूर्ण है।

मीडिया प्रतिनिधियों को भी धन्यवाद दिया गया, जिनके प्रयासों से निर्माण कार्यों की सतत निगरानी संभव हो पाती है और गुणवत्ता सुनिश्चित करने में सहायता मिलती है।

इस अवसर पर यह प्रस्ताव भी रखा गया कि मुक्तिधाम के लिए एक पृथक समिति, गौशाला के लिए एक समिति तथा नगर परिषद स्तर पर एक समन्वय समिति का गठन किया जाए, ताकि नगर की विभिन्न समस्याओं और विकास कार्यों पर समय-समय पर सुझाव लेकर बेहतर कार्य किया जा सके।

अध्यक्ष एवं पार्षदगण ने नगरवासियों से अपील की कि वे इसी प्रकार रचनात्मक सहयोग देते रहें, जिससे नगर का विकास कार्य सुचारू, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण ढंग से निरंतर आगे बढ़ता रहे।