मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा का बयान पूरी भारतीय सेना का और भारत के हर नागरिक का अपमान है ,ड्रा मनोज यादव प्रदेश अध्यक्ष समाजवादी पार्टी मध्यप्रदेश

संतोष योगी की खबर 9993268143

भोपाल हेडलाइन मध्य प्रदेश के उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा द्वारा हाल ही में दिया गया बयान न केवल लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है, बल्कि भारतीय सेना, समस्त राष्ट्र और भारत की महान जनता का भी घोर अपमान है। जब वे कहते हैं कि “भारतीय सेना नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक है” और “भारत की जनता नरेंद्र मोदी के चरणों में नतमस्तक है”, तब यह केवल एक व्यक्ति की प्रशंसा नहीं, बल्कि देश की रक्षा करने वाले जांबाजों के सम्मान का अपमान है।

 

भारतीय सेना — जो हमारे देश की सरहदों की सुरक्षा करती है, जो अपने प्राणों की आहुति देकर देशवासियों को चैन की नींद सुलाती है — उस सेना को किसी भी राजनेता के चरणों में दिखाना न केवल असंवैधानिक है, बल्कि राष्ट्रविरोधी सोच को दर्शाता है। भारतीय सेना किसी राजनीतिक दल या नेता की नहीं, बल्कि संविधान और देश की सेवा में समर्पित एक निष्पक्ष और गरिमामयी संस्था है।

 

जब देश पाकिस्तान से लड़ाई लड़ रहा था, तब विपक्ष, जनता और समाजवादी पार्टी ने एकजुट होकर सरकार का समर्थन किया था। लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि हम किसी को यह अधिकार दे दें कि वह भारतीय सेना जैसे गौरवशाली संस्थान का राजनीतिकरण करे या अपमान करे। हमारी माताएं, बहनें, हमारी बेटियां — क्या वे किसी नेता के चरणों में नतमस्तक होंगी? यह सोच ही शर्मनाक है और नारी गरिमा के विरुद्ध है।

 

समाजवादी पार्टी इस बयान की कड़ी निंदा करती है और मांग करती है कि सबसे पहले मंत्री विजय शाह से इस्तीफा लिया जाए, और फिर उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा से भी इस्तीफा लिया जाए, जिन्होंने भारतीय सेना और देश की जनता के सम्मान को ठेस पहुंचाई है।

 

हम स्पष्ट करते हैं कि यह विरोध केवल शब्दों का नहीं, जनआंदोलन का रूप लेगा। पूरे प्रदेश में पुतले फूंके जाएंगे, विरोध प्रदर्शन होंगे, और यह संदेश दिया जाएगा कि कोई भी नेता चाहे जितना बड़ा हो, वह भारत की सेना, जनता और संविधान से बड़ा नहीं हो सकता।

 

भारतीय सेना देश की शान है, उसका अपमान किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समाजवादी पार्टी इस मुद्दे पर संघर्ष करेगी और हर मंच पर आवाज बुलंद करेगी।