पठानकोट। पठानकोट के आनंदपुर रडा स्थित पोलिंग बूथ नंबर 2 पर मतदान के दौरान कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी झड़प हो गई, जिससे मतदान केंद्र पर भारी तनाव फैल गया। स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर तैनात पुलिस प्रशासन ने तुरंत मोर्चा संभाला और दोनों पक्षों को सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी देकर खदेड़ा। इस हंगामे के कारण कुछ समय के लिए मतदान प्रक्रिया बाधित हुई और वोटर्स के बीच अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एक बुजुर्ग महिला के वोट को लेकर शुरू हुआ विवाद और गाली-गलौज

पोलिंग बूथ पर विवाद की शुरुआत तब हुई जब एक बुजुर्ग महिला को वोट दिलाने के लिए उसके परिवार का एक सदस्य पोलिंग स्टेशन के भीतर चला गया। इसे देखते ही दोनों पक्षों के कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए और बात गाली-गलौज तक पहुंच गई। भाजपा कार्यकर्ताओं ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नियम के मुताबिक व्यक्ति को अकेले ही वोट डालने जाना चाहिए, लेकिन कांग्रेस अन्य बाहरी लोगों को भीतर भेजकर मतदान में हेरफेर करने की कोशिश कर रही है।

कांग्रेस की सफाई: चलने-फिरने में असमर्थ महिला की मदद कर रहे थे

दूसरी तरफ, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा के आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उनका कहना था कि महिला बहुत बुजुर्ग थी और उसके लिए अकेले चल पाना भी मुश्किल हो रहा था। इसी वजह से मानवीय आधार पर परिवार का एक सदस्य उसकी मदद के लिए साथ गया था। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि भाजपा कार्यकर्ताओं ने बेवजह इस बात का बतंगड़ बनाया और उनके वर्करों के साथ मारपीट और झगड़ा शुरू कर दिया।

भीषण गर्मी में प्रशासन के इंतजामों पर उठे सवाल, नहीं मिला पानी

इसी बीच, बीजेपी के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने भी चुनावी व्यवस्था को लेकर जिला प्रशासन पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि वे जिस भी पोलिंग बूथ का दौरा कर रहे हैं, वहां अव्यवस्थाओं का अंबार लगा है। इस भीषण गर्मी के बावजूद जिला प्रशासन की तरफ से मतदाताओं और पोलिंग स्टाफ के लिए पीने के पानी तक का कोई उचित प्रबंध नहीं किया गया है, जिससे लोग परेशान हो रहे हैं।

दोपहर 12 बजे तक हुआ 31.6% मतदान, राज्य निर्वाचन आयुक्त ने दी जानकारी

तनाव की इन छिटपुट घटनाओं के बीच मतदान की रफ्तार अच्छी बनी हुई है। राज्य चुनाव आयुक्त राजकमल चाैधरी ने आधिकारिक आंकड़े जारी करते हुए बताया कि दोपहर 12 बजे तक पूरे प्रदेश में 31.6 फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका है। उन्होंने दावा किया कि कुछ जगहों पर उपजे विवादों को छोड़ दें, तो पूरे राज्य में चुनाव प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से आगे बढ़ रही है। वर्तमान में राज्य के 8 नगर निगमों के 396 वार्डों, 75 नगर परिषदों के 1282 वार्डों और 20 नगर पंचायतों के 218 वार्डों में लोकतंत्र के इस पर्व के लिए वोट डाले जा रहे हैं।