रेलवे अस्पताल के खिलाफ प्रदर्शन, मंडल रेल प्रबंधक को सौंपा ज्ञापन

संतोष योगी की खबर 99932 68143

भोपाल। रेलवे अस्पताल भोपाल में मरीजों के साथ हो रहे कथित अभद्र व्यवहार और अव्यवस्थाओं को लेकर कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन कर मंडल रेल प्रबंधक को ज्ञापन सौंपा।

भारतीय जनता पार्टी अनुसूचित जनजाति मोर्चा के पूर्व प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एवं पूर्व भोपाल जिला प्रभारी बालिस्ता रावत के नेतृत्व में छोटेलाल गिरी, रामस्वरूप राजपूत और कैलाश सोनी सहित कार्यकर्ताओं ने रेलवे अस्पताल भोपाल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि अस्पताल में डॉक्टर, नर्स एवं कर्मचारियों का व्यवहार मरीजों के प्रति ठीक नहीं है और इलाज व्यवस्था में भी कई तरह की कमियां हैं।

कार्यकर्ताओं ने मांग की कि अस्पताल में मरीजों के उचित और त्वरित इलाज के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराए जाएं तथा प्रबंधन की मनमानी और कर्मचारियों के अभद्र व्यवहार में सुधार किया जाए।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी को ज्ञापन सौंपा। कार्यकर्ताओं का आरोप है कि मंडल रेल प्रबंधक बड़े और रसूखदार संगठनों के प्रतिनिधियों से ज्ञापन लेते समय फोटो खिंचवाने में सम्मान महसूस करते हैं, जबकि कार्यकर्ताओं से ज्ञापन लेते समय फोटो खिंचवाने से मना कर दिया, जिससे कार्यकर्ताओं में नाराजगी देखी गई।

कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि रेलवे अस्पताल की व्यवस्थाओं में जल्द सुधार नहीं किया गया तो आगे और बड़ा आंदोलन किया जाएगा।