दादाजी धाम मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
दादाजी धाम मंदिर में विशेष धार्मिक कार्यक्रमों की श्रृंखला
संतोष योगी की खबर 99932 68143
जागृत एवं दर्शनीय तीर्थ स्थल दादाजी धाम मंदिर, रायसेन रोड, पटेल नगर, भोपाल में गुरुवार दिनांक 22 जनवरी 2026 को अयोध्या में विराजमान श्रीरामलला की प्राण-प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ एवं विनायक चतुर्थी के शुभ संयोग पर विशेष धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। इस अवसर पर प्रातः 11:00 बजे दादाजी धाम मंदिर में विराजमान प्रथम पूज्य भगवान श्री गणेश जी का विधिवत पूजन किया जाएगा। तत्पश्चात पंडित जी द्वारा भगवान श्रीराम, माता सीता एवं भगवान हनुमान जी का वैदिक विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया जाएगा। साथ ही राम संकीर्तन, रामरक्षा स्तोत्र पाठ एवं हनुमान चालीसा पाठ का आयोजन होगा।
इसके पश्चात वसंत पंचमी के पावन एवं शुभ अवसर पर दिनांक 23 जनवरी 2026 (शुक्रवार) को दोपहर 2:00 बजे से दादाजी धाम मंदिर परिसर में संगीतमय सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। इस अवसर पर कथा व्यास पूज्य आचार्य श्री रोहित रिछारिया जी (श्रीधाम वृंदावन) रहेंगे। इस कार्यक्रम का आयोजन बागेश्वर धाम मातृशक्ति मंडल, भोपाल एवं दादाजी धाम परिवार के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।
उक्त आयोजन के पश्चात सायं 5:00 बजे से, प्रतिवर्ष की परंपरा के अनुसार विद्यालय एवं महाविद्यालय के विद्यार्थियों द्वारा माँ सरस्वती का विधिवत पूजन, चारों वेद, अठारह पुराण एवं शास्त्रों का श्रद्धा-भाव से पूजन किया जाएगा।
इसी क्रम में माँ नर्मदा जयंती का पावन पर्व दिनांक 25 जनवरी 2026 को श्रद्धा, भक्ति एवं धार्मिक उल्लास के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर प्रातः भगवान शिव का विधिवत रुद्राभिषेक, माँ नर्मदा जी का वैदिक मंत्रोच्चार के साथ पूजन-अर्चन, तत्पश्चात माँ नर्मदा जी की महाआरती, भजन-कीर्तन एवं भक्तिमय कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पूजन एवं आरती के उपरांत सभी श्रद्धालु भक्तों को प्रसाद वितरण किया जाएगा।
दादाजी धाम परिवार द्वारा सभी श्रद्धालु भक्तों से सपरिवार पधारकर इन पावन आयोजनों में सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने का विनम्र निवेदन किया गया है।
