विंध्य एकता परिषद् की प्रदेश कार्यकारिणी को मिली मान्यता
विंध्य एकता परिषद् की प्रदेश कार्यकारिणी को मिली मान्यता
संतोष योगी की खबर 99932 68143
भोपाल,विंध्य एकता परिषद् (पंजीयन क्र.: 6770/99) की प्रदेश कार्यकारिणी को लेकर चल रहे विवाद पर अब आधिकारिक मुहर लग गई है। रजिस्ट्रार फर्म्स एवं सोसायटीज ने दिनांक 16/02/2026 को जारी पत्र के माध्यम से श्रीमती वंदना द्विवेदी के नेतृत्व में गठित प्रदेश कार्यकारिणी को मान्यता प्रदान कर दी है।
समानांतर कार्यकारिणी को लेकर उत्पन्न हुआ था विवाद
गत दिनों परिषद् के कुछ असंतुष्ट सदस्यों द्वारा एक समानांतर कार्यकारिणी का गठन कर रजिस्ट्रार, फर्म्स सोसायटीज कार्यालय में धारा 27 के अंतर्गत जानकारी प्रस्तुत की गई थी। इसके प्रत्युत्तर में मूल कार्यकारिणी ने भी प्रदेशाध्यक्ष श्रीमती वंदना द्विवेदी के नेतृत्व में धारा 27 की जानकारी जमा की थी।
राजनीतिक दबाव के चलते सहायक रजिस्ट्रार, फर्म एवं सोसायटी द्वारा असंतुष्ट समूह को भी धारा 27 की प्रमाणित प्रति प्रदान किए जाने के बाद विवाद गहरा गया था।
अपील के बाद आया फैसला
सहायक रजिस्ट्रार के निर्णय के विरुद्ध श्रीमती वंदना द्विवेदी के नेतृत्व वाली कार्यकारिणी ने नियमानुसार अपील प्रस्तुत की थी, जिसमें असंतुष्टों द्वारा प्रस्तुत धारा 27 की जानकारी को निरस्त करने की मांग की गई थी।
रजिस्ट्रार का अंतिम निर्णय
मध्य प्रदेश सोसायटीज अधिनियम के प्रावधानों के अंतर्गत विचारोपरांत रजिस्ट्रार फर्म्स एवं सोसायटीज ने 16 फरवरी 2026 को जारी आदेश में श्रीमती वंदना द्विवेदी के नेतृत्व वाली प्रदेश कार्यकारिणी को आधिकारिक मान्यता प्रदान कर दी। साथ ही श्री शैलेन्द्र पाठक द्वारा प्रस्तुत धारा 27 की जानकारी को अमान्य घोषित कर दिया गया है।
