विद्या विहार कॉलोनी में महिलाओं ने किया ऋषि पंचमी व्रत

 

भोपाल हेडलाइंस सिराली संवाददाता संजय योगी की खबर

 

सिराली। विद्या विहार कॉलोनी में महिलाओं ने श्रद्धा और भक्ति भाव से ऋषि पंचमी व्रत किया। इस अवसर पर पंडित संजय व्यास ने जानकारी देते हुए बताया कि यह व्रत एक आध्यात्मिक व्रत है, जिसे विशेष रूप से महिलाएं करती हैं। यह व्रत हमारी ऋषि परंपरा – सप्तऋषि, कश्यप, वशिष्ठ, विश्वामित्र आदि महान ऋषियों के सम्मान में समर्पित है।

 

महिलाओं ने विधिविधान से पूजा-अर्चना कर ऋषियों का स्मरण किया और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद मांगा। मान्यता है कि इस व्रत को करने से मासिक धर्म के दौरान लगने वाले दोष का शमन होता है और आत्मशुद्धि के साथ-साथ जीवन में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है।

 

पूजा के दौरान व्रत कथा का पाठ भी किया गया। श्रद्धालु महिलाओं ने बताया कि यह व्रत न केवल परंपरा और आस्था से जुड़ा है, बल्कि ऋषियों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का एक माध्यम भी है।